रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:कोटा में हॉस्टल की खिड़की से गिरकर नीट छात्र की मौत, दोस्त से मिलने गया था अमन – Kota Neet Student Aman Meena Dies After Falling From Hostel Window
कोटा

राजस्थान:कोटा में हॉस्टल की खिड़की से गिरकर नीट छात्र की मौत, दोस्त से मिलने गया था अमन – Kota Neet Student Aman Meena Dies After Falling From Hostel Window

November 27, 2026


Kota NEET Student Aman Meena Dies After Falling From Hostel Window

नीट स्टूडेंट की संदिग्ध अवस्था में हुई मौत

विस्तार

शहर में नीट की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र की हॉस्टल की चार मंजिला इमारत की खिड़की से गिरकर मौत हो गई। यह दुर्घटना शुक्रवार सुबह करीब पौने सात बजे जवाहर नगर थाना क्षेत्र में स्थित प्राइम टाइम रेजिडेंसी हॉस्टल में हुई। मृतक की पहचान कोटा के इटावा कस्बे के दूधली गांव निवासी अमन मीणा के रूप में हुई है। वह सुबह अपने एक दोस्त से मिलने हॉस्टल गया था। इस दौरान सीढ़ियों में बनी खिड़की से करीब 40 फीट की ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान छात्र ने दम तोड़ दिया।

दोस्त से मिलने पहुंचा था हॉस्टल

जवाहर नगर थाने के हेड कांस्टेबल रामसागर ने बताया कि 27 नवंबर की सुबह 6:45 बजे कंट्रोल रूम से घटना की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि अमन मीणा अपने दोस्त अभय से मिलने हॉस्टल आया था। अमन खुद भी दो-तीन महीने पहले तक इसी हॉस्टल में रहता था। यह हॉस्टल जी प्लस 4 मंजिला है और इसमें करीब 30-40 कमरे हैं। घटना के बाद पुलिस ने हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों और वार्डन से पूछताछ की है। हालांकि, छात्र चौथे फ्लोर से गिरा था या किसी अन्य मंजिल से, इस संबंध में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है।

अस्पताल में पिता से कही थी यह बात

गंभीर रूप से घायल छात्र को तुरंत अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान छात्र की अपने पिता से बात हुई थी। उसने अपने पिता से कहा था कि वह हॉस्टल से कैसे गिरा, उसे इस बात की कोई जानकारी नहीं है। मृतक छात्र के पिता सेकंड ग्रेड टीचर हैं। पिता ने बताया कि 25 नवंबर को उससे फोन पर अंतिम बार बात हुई थी। तब छात्र ने अपने पिता से कहा था कि जब वे रविवार को कोटा आएं, तो अपने साथ रजाई लेकर आएं।

बिजली का काम जानता था छात्र

मृतक के पिता ने यह भी जानकारी दी कि उनका बेटा थोड़ा-बहुत बिजली का काम जानता था। हॉस्टल में किसी व्यक्ति ने उसे पानी की मोटर ठीक करने के उद्देश्य से बुलाया था। इसी सिलसिले में वह गुरुवार की रात को भी हॉस्टल आया था और फिर शुक्रवार की सुबह भी वहां पहुंचा था। पुलिस फिलहाल हादसे के सही कारणों की जांच में जुटी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X