काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को फिर से जीवंत करने के लिए काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित होगा। 28 नवंबर को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन इसका उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षामंत्री प्रह्लाद जोशी भी उद्घाटन में शामिल करेंगे। वहीं, 12 दिसंबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समापन करेंगे।
इस बार आयोजन का केंद्र तमिल साहित्य के शास्त्रीय ग्रंथ तिरुक्कुरल की शिक्षा होगी। तमिलनाडु से करीब 1400 प्रतिनिधियों को सात समूहों में काशी लाया जाएगा। ये जानकारी बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी और आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने बीएचयू के केंद्रीय कार्यालय में पत्रकारों को दी।
उन्होंने बताया कि बीएचयू और आईआईटी मद्रास इस आयोजन के प्रमुख समन्वय संस्थान हैं। प्रतिनिधियों में विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, मीडियाकर्मी, कृषि और संबद्ध क्षेत्रों से जुड़े लोग, पेशेवर, शिल्पकार, महिला प्रतिनिधि और आध्यात्मिक क्षेत्र के लोग शामिल होंगे। आठ दिवसीय यात्रा के दौरान चार दिन आवागमन और चार दिन भ्रमण व विभिन्न कार्यक्रमों के लिए निर्धारित किए गए हैं।