रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sonipat News:सड़कों पर घूमते बेसहारा पशु बन रहे काल, छह साल में नौ लोगों की गई जान – Stray Animals Roaming The Streets Are Becoming A Cause Of Death, Nine People Have Lost Their Lives In Six Years
सोनीपत

Sonipat News:सड़कों पर घूमते बेसहारा पशु बन रहे काल, छह साल में नौ लोगों की गई जान – Stray Animals Roaming The Streets Are Becoming A Cause Of Death, Nine People Have Lost Their Lives In Six Years

November 27, 2026


ट्रैफिक अभियान…

-सोनीपत से गोहाना हाईवे तक खतरा, शहर की सड़कों पर करीब 750 बेसहारा पशुओं का जमावड़ा

-सोनीपत नगर निगम क्षेत्र में जुलाई से अटका पशु पकड़ने का ठेका, दो बार टेंडर जारी करने के बावजूद एजेंसी ने नहीं दिखाई रुचि

-हाईवे पर पशुओं को रोकने के लिए लगाए गए लोहे के जाल कई जगह से टूटे

-रात के अंधेरे में काले और मटमैले रंग के पशु नहीं आते नजर, वाहन चालकों को रहता है हादसे का खतरा

-एनएचएआई और नगर निगम के सामने बेसहारा पशुओं को सड़कों से हटाने की चुनौती

संवाद न्यूज एजेंसी

सोनीपत। शहर की सड़कों से लेकर राष्ट्रीय राजमार्गों तक घूम रहे बेसहारा पशु वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। सड़क पर अचानक सामने आने वाले पशुओं के कारण वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ जाता है और कई बार पीछे से आने वाले तेज रफ्तार वाहन उन्हें कुचल देते हैं। छह साल में बेसहारा पशुओं के कारण करीब नौ लोगों की जान जा चुकी है। शहर में करीब 750 बेसहारा पशु घूम रहे हैं। पशु पकड़ने का ठेका जुलाई से समाप्त पड़ा है।

नगर निगम के सामने बेसहारा पशुओं को सड़कों से हटाना बड़ी चुनौती बना हुआ है। जुलाई में पशु पकड़ने का ठेका समाप्त होने के बाद दो बार टेंडर जारी किए गए, लेकिन कोई एजेंसी काम लेने के लिए आगे नहीं आई। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाए गए लोहे के जाल भी कई स्थानों पर टूट चुके हैं। इससे पशु हाईवे पर पहुंच जाते हैं और हादसों का खतरा बना रहता है। नेशनल हाईवे-44 पर लगाई ग्रिल टूटने से आसपास स्थित खेतों से पशुओं के हाईवे पर आना आम बात है। सर्दी के मौसम में पशुपालक अक्सर गोवंश को खुला छोड़ देते हैं। ऐसे में वह हाईवे के आसपास आ जाते हैं। ग्रिल टूटे होने से वह आसानी से हाईवे तक पहुंच जाते हैं। रात के अंधेरे में काले और मटमैले रंग के पशु नजर नहीं आते। वाहन चालक हादसे का शिकार हो जाते हैं।

हाईवे पर पशु की टक्कर से बाइक सवार की गई थी जान

सोनीपत-गोहाना हाईवे पर गांव नगर के पास 4 सितंबर को हुए हादसे में चोपड़ा कॉलोनी निवासी बुजुर्ग शिव कुमार की मौत हो गई थी। वह देर शाम बाइक से सोनीपत से गोहाना की ओर जा रहे थे। गांव नगर के पास सड़क पर बैठे और खड़े बेसहारा पशुओं के बीच से निकलते समय एक पशु ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। गिरने से उन्हें पीछे आ रहे ट्राला ने कुचल दिया था। घटनास्थल पर सात साल पहले स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं, लेकिन अब तक उनका बिजली कनेक्शन नहीं कराया गया। इसके चलते आबादी क्षेत्र में हाईवे पर अंधेरा रहता है।

चिटाना में सांड़ की टक्कर से युवक ने तोड़ा था दम

गांव चिटाना में भी बेसहारा सांड़ की टक्कर से एक युवक की मौत हो चुकी है। 14 जनवरी को ग्रामीण सांड को पकड़कर गोशाला भेजने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान गांव के अमनदीप को सांड़ ने टक्कर मार दी थी, उनकी बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

कई वर्षों से हो रहे हादसे, वाहन चालकों की जा रही जान

बेसहारा पशुओं के कारण जिले में पहले भी हादसे हुए हैं। 17 अगस्त 2023 को गोहाना रोड बाईपास फ्लाईओवर के पास पशु को बचाने के प्रयास में बाइक सवार दो भाई सड़क पर गिर गए थे। इसी दौरान ट्रक की चपेट में आने से एक भाई की मौत हो गई थी। 25 अक्तूबर 2022 को विकास नगर में सांड़ ने सेवानिवृत्त शिक्षक और एक महिला को घायल कर दिया था। अक्तूबर 2020 में गांव जुआं निवासी अशोक की बाइक गोहाना रोड पर गांव गढ़ी ब्राह्मणान के पास सड़क पर लड़ रहे गोवंशों से टकरा गई थी। हादसे में उनकी जान चली गई थी। 22 दिसंबर 2019 को खरखौदा के दिल्ली रोड पर सांड़ के हमले में बुजुर्ग सब्जी विक्रेता बलदेव की मौत हुई थी। 12 दिसंबर 2019 को जगदीशपुर निवासी रामपाल और 29 जुलाई 2019 को गांव सेवली के पूर्व सरपंच राजेंद्र की भी सांड़ की टक्कर से जान चली गई थी। 4 मार्च 2019 को सिक्का कॉलोनी में सीता की सांड़ के हमले में मौत हो गई थी।

-हाईवे पर बेसहारा पशुओं को जाने से रोकने के ग्रिल लगाई है। लोहे की होने के चलते उसे चोरी कर लिया जाता है। इतना ही नहीं अवैध कट बनाने के लिए भी काट दिया जाता है। इसे रोकने के लिए बेहतर प्रबंध करने का प्रयास किया जा रहा है।

-प्रांजल मिश्रा, परियोजना अभियंता, एनएचएआई

-पशु पकड़ने का टेंडर जुलाई में समाप्त हो गया था। नया टेंडर जारी किया गया है। अभी एजेंसी सामने नहीं आई है। एजेंसी मिलते ही गोवंशों को पकड़कर नंदीशालाओं में भेजा जाएगा।

मीतू धनखड़, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम सोनीपत

फोटो: सोनीपत के गांव राई के पास जीटी रोड पर बैठे गाेवंश के पास गुजरते वाहन चालक। संवाद

फोटो: सोनीपत के गांव राई के पास जीटी रोड पर बैठे गाेवंश के पास गुजरते वाहन चालक। संवाद

फोटो: सोनीपत के गांव राई के पास जीटी रोड पर बैठे गाेवंश के पास गुजरते वाहन चालक। संवाद

फोटो: सोनीपत के गांव राई के पास जीटी रोड पर बैठे गाेवंश के पास गुजरते वाहन चालक। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X