रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
महासमुंद:कार से 90 लाख रुपये की अवैध चांदी और नकदी जब्त, जीएसटी विभाग को दी सूचना – Mahasamund Illegal Silver And Cash Worth Rs 90 Lakh Seized From Car, Gst Department Informed
महासमुंद

महासमुंद:कार से 90 लाख रुपये की अवैध चांदी और नकदी जब्त, जीएसटी विभाग को दी सूचना – Mahasamund Illegal Silver And Cash Worth Rs 90 Lakh Seized From Car, Gst Department Informed

November 27, 2026


महासमुंद जिले के बसना पुलिस ने पलसापाली अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान एक कार से लगभग 90 लाख रुपये कीमत की 52 किलो से अधिक अवैध चांदी और तीन लाख रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत यह कार्रवाई की है। पुलिस ने बहुमूल्य धातुओं और नकदी के इस अवैध परिवहन की जानकारी छत्तीसगढ़ के जीएसटी विभाग को भी भेज दी है।

पलसापाली चेकपोस्ट पर सघन जांच

सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध तस्करी, संदिग्ध नकदी और बहुमूल्य धातुओं के अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही थी। इसी अभियान के तहत थाना बसना पुलिस की टीम पलसापाली अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की तलाशी ले रही थी। उसी दौरान सफेद रंग की एक मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार को रोककर तलाशी ली गई।

कार से छह बैग में मिली चांदी

कार की तलाशी के दौरान पुलिस को डिकी और सीट पर रखे छह काले रंग के बैग मिले। बैगों की जांच करने पर प्लास्टिक के डिब्बों में बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और छह चांदी जैसी सिल्लियां रखी हुई पाई गईं। बरामद आभूषणों में पायल, बिछिया, अंगूठी, चैन, कड़ा, ब्रेसलेट तथा करधन शामिल हैं। साथ ही तीन लाख रुपये की नकदी भी मिली। रैपर सहित चांदी की इन सामग्रियों का कुल वजन 52 किलो 528 ग्राम निकला, जिसकी अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये बताई गई है।

पूछताछ में नहीं दिखा सके वैध दस्तावेज

कार में सवार लोगों की पहचान उमेश कंसारी (उम्र 45 वर्ष), निवासी गोबरा नवापारा जिला रायपुर तथा रोशन कुमार साहू (उम्र 40 वर्ष), निवासी बेलटूकरी थाना राजिम जिला गरियाबंद के रूप में हुई। पुलिस ने जब दोनों व्यक्तियों से बरामद चांदी और नकदी के वैध स्वामित्व, क्रय-विक्रय से जुड़े जीएसटी बिल, ई-वे बिल और परिवहन के दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, तो वे कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा सके। दोनों ने लिखित रूप में भी स्वीकार किया कि उनके पास कोई कागजात नहीं हैं। इसके बाद पुलिस ने चोरी अथवा अवैध परिवहन के संदेह में सामग्री को जब्त करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की और जीएसटी विभाग के आयुक्त को सूचना भेजी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X