रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मोहाली

Mohali News:33 लाख की ठगी केस में कामिनी शर्मा को बड़ी राहत – Major Relief For Kamini Sharma In Rs 33 Lakh Fraud Case

November 27, 2026


शिकायतकर्ता के मौखिक बयान को नहीं माना पर्याप्त

संवाद न्यूज एजेंसी

मोहाली। स्काई रॉक सिटी वेलफेयर सोसायटी के नाम पर सेक्टर 111-112 में प्लॉट दिलाने के बहाने 33.03 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में कामिनी शर्मा को अदालत से राहत मिली है। मोहाली की अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने उन्हें अतिरिक्त आरोपी के तौर पर तलब करने का ट्रायल कोर्ट का आदेश रद्द कर दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल शिकायतकर्ता के मौखिक बयान के आधार पर किसी व्यक्ति को अतिरिक्त आरोपी नहीं बनाया जा सकता। इसके लिए ठोस और विश्वसनीय साक्ष्य जरूरी हैं।

अदालत ने कामिनी शर्मा की रिवीजन याचिका मंजूर करते हुए 21 अक्तूबर 2024 को पारित आदेश निरस्त कर दिया। साथ ही सीआरपीसी की धारा 319 के तहत शिकायतकर्ता की ओर से दायर आवेदन भी खारिज कर दिया। फैसला 26 नवंबर को सुनाया गया।

शिकायतकर्ता अरुण कुमार कौंडल ने आरोप लगाया था कि सोसायटी के पदाधिकारियों ने मोहाली के सेक्टर 111-112 में 100 और 150 वर्ग गज के प्लॉट देने का भरोसा देकर तीन शिकायतकर्ताओं से अलग-अलग किस्तों में कुल 33.03 लाख रुपये जमा करवाए थे। प्रति वर्ग गज 10,300 रुपये कीमत तय की गई थी। आरोप था कि दो साल में कब्जा देने का आश्वासन दिया गया, लेकिन न प्लॉट आवंटित हुए और न ही कब्जा मिला।

पुलिस ने जांच के बाद नवजीत सिंह के खिलाफ चालान पेश किया था। कामिनी शर्मा को आरोपी नहीं बनाया गया था। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दलील दी कि उनका सोसायटी में कोई आधिकारिक पद नहीं था। रसीदों पर उनके हस्ताक्षर नहीं थे और न ही उनके बैंक खाते में कोई रकम ट्रांसफर हुई थी।

अदालत ने रिकॉर्ड में पाया कि सोसायटी की वर्ष 2013-14 की गवर्निंग बॉडी की सूची में कामिनी शर्मा का नाम नहीं था। उनके खिलाफ कोई हस्ताक्षरित दस्तावेज भी पेश नहीं किया गया। अदालत ने साक्ष्यों के अभाव में उन्हें अतिरिक्त आरोपी बनाने का आदेश रद्द कर दिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X