Balrampur News:जंगल की रखवाली कर रहे वनकर्मी पर हमला – Forest Guard Protecting The Forest Attacked
रेहरा बाजार। मुड़ाही जंगल में लकड़ी कटान की सूचना पर पहुंचे वनकर्मी पर कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आरोपियों ने वनकर्मी से तीन हजार रुपये और मोबाइल भी छीन लिया। घटना 13 जून की रात करीब आठ बजे की है। पुलिस से शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं होने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर रेहरा बाजार थाने में तीन नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
संगम पुरवा केरा डीह निवासी रंजीत प्रसाद शुक्ला ने बताया कि उन्हें पूर्व रेंजर संतोष कुमार मिश्रा ने वाचर पद पर नियुक्त किया था। बाद में वह फॉरेस्ट गार्ड कुलवीर सिंह के साथ काम करने लगे। 13 जून की रात ड्यूटी के दौरान उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन कर मुड़ाही जंगल में राजकुमार सिंह के खेत के पास लकड़ी के तीन बोटे कटे होने की सूचना दी। सूचना पर वह मौके पर पहुंचे तो वहां पहले से घात लगाए आदित्य पांडेय, दिलीप सिंह, राजेंद्र और दो अज्ञात लोग कुल्हाड़ी लेकर मौजूद थे।
आरोप है कि सभी ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश होकर गिर पड़े। आरोपियों ने उनकी जेब में रखे तीन हजार रुपये और मोबाइल भी छीन लिया। पीड़ित का कहना है कि होश आने पर मौके पर डायल 112 की पुलिस पहुंची। पुलिस उन्हें थाने ले गई, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय शांति भंग की कार्रवाई में उनका चालान कर दिया।
इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अंततः न्यायालय के आदेश पर 24 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज की गई।सीओ डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है। न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
