जलालपुर। वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर दरवेशपुर गांव के पास बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे खड़े डीसीएम में पीछे से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान लालपुर गौर निवासी दिलीप कुमार यादव (26) के रूप में हुई। दिलीप पिकअप लेकर त्रिलोचन महादेव की ओर से जलालपुर जा रहे थे। दरवेशपुर अंडरपास के ऊपर एक डीसीएम खराब होने के कारण खड़ा था। उस समय मैकेनिक उसकी मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप पीछे से डीसीएम में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक वाहन में फंस गया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिलीप परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। वह दो साल के बेटे का पिता था। थानाध्यक्ष शिवानंद सिसोदिया ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।