रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
जयपुर:  20 पंचायत समितियों में प्रधान के लिए वोटिंग, सांगानेर में कांग्रेस-बीजेपी ने नहीं उतारे प्रत्याशी – Jaipur Panchayat Samiti Elections 20 Committees To Elect Pradhans Today
जयपुर

जयपुर:  20 पंचायत समितियों में प्रधान के लिए वोटिंग, सांगानेर में कांग्रेस-बीजेपी ने नहीं उतारे प्रत्याशी – Jaipur Panchayat Samiti Elections 20 Committees To Elect Pradhans Today

November 27, 2026


जयपुर की पंचायत समितियों में प्रधान चुनने की प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी होगी। जिले की 22 पंचायत समितियों में से 20 में आज मतदान होगा। नामांकन, वोटिंग और मतगणना की प्रक्रिया एक ही दिन में पूरी की जाएगी। उम्मीद है कि शाम से पहले सभी पंचायत समितियों में प्रधान के नतीजे घोषित हो जाएंगे।

दो पंचायत समितियों में प्रधान का चुनाव निर्विरोध होना तय है। शाहपुरा और आंधी में कांग्रेस प्रत्याशी के अलावा किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। वहीं, सांगानेर में कांग्रेस और भाजपा ने प्रत्याशी नहीं उतारे हैं। यहां आरएलपी और निर्दलीय उम्मीदवार के बीच मुकाबला होगा।

जयपुर की पांच पंचायत समितियों में प्रधान का चुनाव दिलचस्प रहने की संभावना है। इन समितियों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। दूसरी ओर, कांग्रेस को 14 पंचायत समितियों में, भाजपा को दो और आरएलपी को एक पंचायत समिति में बहुमत हासिल है।

सांगानेर में आरएलपी और निर्दलीय के बीच मुकाबला

सांगानेर पंचायत समिति में प्रधान पद के लिए आरएलपी की सीमा चौधरी और निर्दलीय राजकुमार चौधरी आमने-सामने हैं। कांग्रेस और भाजपा ने यहां से उम्मीदवार नहीं उतारे हैं। सीमा चौधरी वार्ड पांच और राजकुमार चौधरी वार्ड 15 से पंचायत समिति सदस्य चुने गए हैं।

सांगानेर पंचायत समिति में कुल 15 सदस्य हैं। इनमें आरएलपी के आठ, कांग्रेस और भाजपा के तीन-तीन तथा एक निर्दलीय सदस्य है। इस तरह आरएलपी के पास स्पष्ट बहुमत है।

यह भी पढें- राजस्थान: 37 में से 26 जिला परिषदों में महिलाओं का दबदबा, औसत उम्र भी पुरुषों से 12 साल कम

14 पंचायत समितियों में कांग्रेस मजबूत

जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में से 14 में कांग्रेस के पास बहुमत है। इनमें फागी, आमेर, शाहपुरा, चाकसू, जमवारामगढ़, तूंगा, बस्सी, माधोराजपुरा, कोटखावदा, गोविंदगढ़, झोटवाड़ा, जोबनेर, किशनगढ़ रेनवाल और आंधी शामिल हैं।

भाजपा को सांभरलेक और चौमूं पंचायत समिति में बहुमत मिला है। सांगानेर में आरएलपी बहुमत में है। वहीं अमरसर, जालसू, मौजमाबाद, रामपुरा डाबड़ी और दूदू में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। इन समितियों में प्रधान का चुनाव सदस्यों के समर्थन पर निर्भर करेगा।

जयपुर की पंचायत समितियों में प्रधान पद के उम्मीदवार



  1. झोटवाड़ा: कांग्रेस से मोनिका और भाजपा से पिंकी शर्मा।


  2. जमवारामगढ़: कांग्रेस से दीपक कुमार और भाजपा से रामकरण शर्मा।


  3. शाहपुरा: कांग्रेस से संतरा देवी। निर्विरोध चुना जाना तय।


  4. आमेर: कांग्रेस से कलावती और भाजपा से ललिता गौरा।


  5. गोविंदगढ़: कांग्रेस से सुमन यादव और भाजपा से संतरा।


  6. अमरसर: कांग्रेस से समोती देवी मीना और आरएलपी से सुमित्रा देवी।


  7. बस्सी: कांग्रेस से लालाराम सैनी और भाजपा से रामफूल।


  8. तूंगा: कांग्रेस से रामफूल चंद और भाजपा से आरती देवी।


  9. किशनगढ़ रेनवाल: कांग्रेस से पतासी देवी और मदन उर्फ पप्पू, भाजपा से कुलदीप मीणा।


  10. दूदू: कांग्रेस से समंद, भाजपा से नीरज और आरएलपी से अयोध्या देवी।


  11. माधोराजपुरा: कांग्रेस से प्रियंका और आरएलपी से गजेंद्र।


  12. कोटखावदा: कांग्रेस से अनोखी देवी और भाजपा से मीरा देवी।


  13. रामपुरा डाबड़ी: कांग्रेस से गीता मौर्य और भाजपा से सुनीता।


  14. जालसू: कांग्रेस से ममता यादव और भाजपा से किशन देवी।


  15. मौजमाबाद: कांग्रेस से नंदू देवी, भाजपा से नंदू और आरएलपी से मनसा चौधरी।


  16. फागी: कांग्रेस से कैलाश चंद चौधरी और आरएलपी से महिपाल चौधरी।


  17. चौमूं: कांग्रेस से किरण देवी मीणा और भाजपा से राम गोपाल मीणा।


  18. सांगानेर: आरएलपी से सीमा चौधरी और निर्दलीय राजकुमार चौधरी। यहां कांग्रेस और भाजपा ने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं।


  19. आंधी: कांग्रेस प्रत्याशी के अलावा किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया। निर्विरोध चुना जाना तय।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X