Palwal News:गोलीबारी के चार आरोपी ग्वालियर से गिरफ्तार – Four Accused In The Firing Incident Arrested From Gwalior
पलवल।
चांदहट में घर पर हमला कर गोलीबारी करने और दो लोगों को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में सीआईए स्टाफ की टीम ने चार आरोपियों को ग्वालियर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपियों की पहचान गांव चांदहट निवासी सौरव कुमार, शेखर उर्फ जंडको, ब्रहम और जसविंदर उर्फ जस्से के रूप में हुई है।
सीआईए प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार के अनुसार, रविवार को धर्मपाल उर्फ पाली ने चांदहट थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि शाम करीब सात बजे थार गाड़ी में सवार होकर शेखर, ब्रहम, सौरव, जस्से, भोला और तीन-चार अन्य युवक उसके घर पहुंचे। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज और मारपीट की। विरोध करने पर उन्होंने अवैध हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे सुखबीर और हरेंद्र पर भी जान से मारने की नीयत से फायर किए, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच सीआईए को सौंपी थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बृहस्पतिवार को मालनपुर, ग्वालियर से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में वारदात करना स्वीकार किया है। अब उनसे हथियारों की बरामदगी और घटनास्थल की निशानदेही कराई जाएगी।
