रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
जींद

Jind News:ट्रांसमिशन लाइन के मुआवजे पर किसानों का आंदोलन तेज, ढांडाखेड़ी में अनिश्चितकालीन धरना शुरू – Farmers’ Protest Over Transmission Line Compensation Intensifies

November 27, 2026


जींद। सिवानी से जींद के खटकड़ पावर ग्रिड तक बिछाई जा रही 400 केवी डबल सर्किट (क्वाड) ट्रांसमिशन लाइन के मुआवजे को लेकर किसानों ने आंदोलन तेज कर दिया है। शुक्रवार को सात सदस्यीय किसान प्रतिनिधिमंडल ने हिसार में कमिश्नर से मुलाकात कर अपनी मांगों का पत्र सौंपा।

किसानों ने सड़क किनारे स्थित जमीन के लिए सात करोड़ और सड़क से दूर की जमीन के लिए पांच करोड़ रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल के साथ एडीसी प्रदीप कुमार भी मौजूद रहे। कमिश्नर से मुलाकात के बाद किसानों ने ढांडाखेड़ी गांव में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

भाकियू के जिला प्रधान बिंद्र नंबरदार ने कहा कि किसानों ने प्रशासन को एक दिसंबर तक का समय दिया है। यदि इस अवधि में उनकी मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो किसान ट्रांसमिशन लाइन का काम रुकवाएंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो प्रदेशभर के किसानों को आंदोलन में शामिल होने का बुलावा दिया जाएगा।

नौगामा खाप के प्रधान जयबीर लोहान ने भी मुआवजे को लेकर किसानों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया। किसानों का कहना है कि हिसार जिले में 1.26 करोड़ रुपये प्रति एकड़ तक मुआवजा दिया जा रहा है, जबकि जींद में करीब 50 लाख रुपये प्रति एकड़ की राशि बताई जा रही है। एनसीआर क्षेत्र में होने के बावजूद जींद के किसानों को कम मुआवजा मिलना उनके साथ अन्याय है।

मुआवजे को लेकर किसान पहले डीसी डॉ. वैशाली शर्मा से मिले थे। डीसी ने उन्हें हिसार कमिश्नर के समक्ष अपनी मांग रखने की सलाह दी थी। इसके बाद शुक्रवार को सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल कमिश्नर से मिला। इससे पहले ढांडाखेड़ी में किसान लाइन का काम शुरू होने के विरोध में जुटे थे। दरियावाला से कोथ कलां रोड पर भी किसानों का धरना जारी है। अब ढांडाखेड़ी में अनिश्चितकालीन धरना शुरू होने से आंदोलन ने नया रूप ले लिया है।

94 किलोमीटर लंबी लाइन से पांच गांव होंगे प्रभावित

सिवानी से खटकड़ पावर ग्रिड तक करीब 94 किलोमीटर लंबी ट्रांसमिशन लाइन बिछाई जा रही है। परियोजना के तहत कुल 270 टावर लगाए जाने हैं। जींद जिले के ढांडाखेड़ी, जाजवान, दरियावाला, बरसोला और खटकड़ में 26 टावर लगने हैं। एक टावर के लिए करीब 50 गुणा 50 वर्ग फीट जगह की जरूरत है। पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की इस परियोजना का काम नवंबर 2024 में शुरू हुआ था और मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X