Panipat News:उच्च शिक्षा और समाज विषय पर हुआ मंथन – On The Third Day Of The Nep Program At Ib College, Discussions Were Held On The Theme Of Higher Education And Society
पानीपत। आईबी पीजी महाविद्यालय और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूजीसी-मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में 39वें आठ दिवसीय एनईपी ओरिएंटेशन एवं सेंसिटाइजेशन कार्यक्रम का शुक्रवार को तीसरा दिन रहा। इसमें उच्च शिक्षा और समाज विषय पर विशेष व्याख्यान हुए।
प्रथम सत्र में केयू के सोशल वर्क विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. विनीता ढींगरा ने कहा कि उच्च शिक्षा युवाओं को ज्ञान व कौशल देने के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाती है। इससे समाज में समानता, भाईचारा, महिला सशक्तीकरण और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा मिलता है, जिससे कुरीतियों व अंधविश्वास को दूर करने में मदद मिलती है। संस्थानों को युवाओं को रोजगारपरक बनाने के साथ जिम्मेदार नागरिक भी बनाना चाहिए।
दूसरे सत्र में केयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकलेश्वर प्रकाश ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ नैतिक मूल्य और जीवन की चुनौतियों से लड़ने की प्रेरणा देते हैं। उच्च शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित न रखकर व्यावहारिक ज्ञान, अनुसंधान और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ना जरूरी है, तभी सशक्त राष्ट्र का निर्माण होगा।
प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने कहा कि प्रभावशाली शिक्षण ही समतामूलक समाज की नींव है और महाविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम संयोजक डॉ. हिमांशी ने बताया कि इस प्रशिक्षण से शिक्षकों को नई शिक्षण पद्धतियां सीखने को मिल रही हैं।
