रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Karnal News:दस पशुओं से शुरू किया कारोबार, आज 200 का फार्म – Started The Business With Ten Animals Today, Its A Farm Of 200
करनाल

Karnal News:दस पशुओं से शुरू किया कारोबार, आज 200 का फार्म – Started The Business With Ten Animals Today, Its A Farm Of 200

November 27, 2026


करनाल। ग्रामीण क्षेत्रों में बकरी पालन एक उभरता हुआ कारोबार है। इसमें कम पूंजी से शुरुआत कर धीरे-धीरे कारोबार बढ़ाया जा सकता है। करनाल के सरवन माजरा निवासी सोनू पाल ने इसी सोच के साथ बकरी पालन शुरू किया। आज उनके फार्म में करीब 200 बकरियां और बकरे हैं। उन्होंने केवल दस पशुओं से यह सफर शुरू किया था।

सोनू पाल के अनुसार, बकरी पालन में कमाई की संभावनाएं केवल पशुओं की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं हैं। अच्छी नस्ल, बेहतर देखभाल और वैज्ञानिक तरीके अपनाने से व्यवसाय आगे बढ़ता है। बकरी का दूध 400 रुपये किलो तक बिकता है। वहीं अच्छी नस्ल के बकरों की कीमत हजारों रुपये तक पहुंच जाती है। वर्ष 2019 से पहले वह परंपरागत तरीके से गेहूं और धान की खेती करते थे।

सोनू पाल ने बकरी पालन शुरू करने से पहले केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान, मथुरा से सात दिन का प्रशिक्षण लिया। इसके बाद मल्टीप्लाई फ्लेम योजना से उन्हें आठ बकरियां और दो बकरे मिले। इन्हीं दस पशुओं से उन्होंने अपने फार्म की नींव रखी। उन्होंने एनडीआरआई के वैज्ञानिकों से भी परामर्श लिया। जानकारी और सही प्रबंधन को वह किसी भी व्यवसाय में आगे बढ़ने के लिए जरूरी मानते हैं। संवाद

दसवीं पास, राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान

सोनू पाल केवल दसवीं पास हैं, लेकिन पशुपालन क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं। उन्हें प्रोग्रेसिव गोट अवार्ड और एनबीजीआर अवार्ड सहित करीब 15 राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। वह बकरी पालन को कम पूंजी में शुरू होने वाला विकल्प मानते हैं। उनका कहना है कि एक महंगी भैंस पर एक से दो लाख रुपये खर्च करने के बजाय उतनी ही रकम में करीब 20 बकरियां खरीदी जा सकती हैं। इससे नुकसान का जोखिम बंट जाता है और निवेश एक ही पशु पर निर्भर नहीं रहता।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X