रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
उज्जैन:खड़े हनुमान जी को बचाने के लिए अब क्यूआर कोड! एक स्कैन यानि एक समर्थन; जानिए क्या है पूरी मुहिम – Save khade hanuman: qr code campaign goes viral in ujjain, thousands join in 3 days
उज्जैन

उज्जैन:खड़े हनुमान जी को बचाने के लिए अब क्यूआर कोड! एक स्कैन यानि एक समर्थन; जानिए क्या है पूरी मुहिम – Save khade hanuman: qr code campaign goes viral in ujjain, thousands join in 3 days

November 27, 2026


धर्मनगरी उज्जैन में आस्था और तकनीक का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। प्राचीन खड़े हनुमान मंदिर की प्रतिमा को विस्थापित किए जाने की आशंका के बीच भक्तों ने भगवान के दरबार को बचाने के लिए डिजिटल मुहिम शुरू की है। मंदिर परिसर और आसपास के बिजली के खंभों पर जगह-जगह क्यूआर कोड लगाए गए हैं। इन्हें स्कैन करते ही लोग सीधे सोशल मीडिया पेज से जुड़ रहे हैं।

मंदिर की प्रतिमा को यथावत रखने के लिए शुरू की गई यह मुहिम तेजी से लोकप्रिय हो रही है। जानकारी के मुताबिक, क्यूआर कोड स्कैन कर महज तीन दिनों में पांच हजार से अधिक श्रद्धालु इंस्टाग्राम पेज से जुड़ चुके हैं। यह संख्या लगातार बढ़ रही है। देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों में रहने वाले भक्त भी कमेंट के जरिए मंदिर को न हटाने और वहां भव्य निर्माण कराने की मांग कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- उज्जैन: खड़े हनुमानजी की प्रतिमा में दरार और प्लास्टर गिरने का दावा, विस्थापन की आशंका पर भक्तों में नाराजगी

क्यों शुरू हुई यह डिजिटल मुहिम?

दरअसल, मंदिर का मूल ढांचा हटाए जाने के बाद से प्राचीन प्रतिमा फिलहाल टेंट के नीचे विराजमान है। हाल ही में 15 दिनों के भीतर दो बार विशेषज्ञों की टीम ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से प्रतिमा के आधार और आसपास की जमीन की स्कैनिंग की है। हालांकि, जांच रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं हुई है, लेकिन इस गतिविधि के बाद भक्तों को प्रतिमा हटाए जाने की आशंका सताने लगी है। इसी को देखते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से जनसमर्थन जुटाने की पहल की गई है।

बाहर से आने वाले श्रद्धालु भी मुहिम से जुड़ रहे

बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंच रहे देशभर के श्रद्धालु खड़े हनुमान मंदिर भी जा रहे हैं और क्यूआर कोड मुहिम की सराहना कर रहे हैं। कोलकाता से आईं सुहेली राय ने कहा कि यहां आकर भगवान की असीम शक्ति का अहसास हुआ। बड़ी मशीनें भी प्रतिमा को नहीं हटा पाईं। क्यूआर कोड के जरिए भक्तों को जोड़ने की पहल सराहनीय है, ताकि मंदिर को बचाया जा सके।  अमृतसर की दीक्षा महाजन ने कहा कि यहां आकर अद्भुत सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। मंदिर में लगाए गए क्यूआर कोड भक्तों को एक सूत्र में पिरोने का काम कर रहे हैं। महाकाल के दर्शन के लिए आने वाले हर श्रद्धालु को यहां भी जरूर आना चाहिए। पश्चिम बंगाल के सौरभ चौधरी ने कहा कि सनातन में ही शक्ति है। वे चाहते हैं कि बाबा श्री खड़े हनुमान की प्रतिमा इसी स्थान पर विराजमान रहे। स्थानीय भक्त रामू गुरु ने बताया कि इस आईडी से रोजाना हजारों लोग जुड़ रहे हैं। सभी की यही इच्छा है कि प्रतिमा यहीं रहे और यहां भव्य मंदिर का निर्माण हो।

पुजारी बोले- किसने लगाए क्यूआर कोड, जानकारी नहीं

दूसरी ओर, मंदिर के पुजारी महेश बैरागी का कहना है कि जनसमर्थन जुटाने के लिए सोशल मीडिया पर पेज किसने बनाया और बिजली के खंभों पर क्यूआर कोड किसने लगाए, इसकी उन्हें आधिकारिक जानकारी नहीं है। हालांकि, भक्तों की भावनाएं इस स्थान से गहराई से जुड़ी हुई हैं।

खड़े हनुमान जी को बचाने के लिए अब QR कोड मुहिम

खड़े हनुमान जी को बचाने के लिए अब QR कोड मुहिम

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X