Sitapur News:जवाहर नवोदय विद्यालयों की प्रवेश परीक्षा आज – Jawahar Navodaya Vidyalayas Entrance Exam Today
सीतापुर। दो जवाहर नवोदय विद्यालयों की प्रवेश परीक्षा जिले के 43 केंद्रों पर 28 नवंबर शनिवार को आयोजित होगी। दो घंटे तक होने वाली इस परीक्षा में कुल 13,874 विद्यार्थी शामिल होंगे। यह प्रवेश परीक्षा जिले में संचालित खैराबाद और दूसरा हरदौरपुर जवाहर नवोदय विद्यालयों में प्रवेश के लिए होगी। जवाहर नवोदय विद्यालय सीतापुर-1 खैराबाद के लिए 9,277 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनके लिए 29 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर खैराबाद, बिसवां, पहला, महमूदाबाद, कसमंडा, मछरेहटा, रामपुर मथुरा, सकरन, रेउसा और सिधौली ब्लॉक के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगी।
वहीं, जवाहर नवोदय विद्यालय सीतापुर-2 हरदौरपुर के लिए 4,597 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनके लिए 14 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें मिश्रिख, महोली, गोंदलामऊ, बेहटा, ऐलिया, पिसावां और परसेंडी सहित नौ ब्लॉकों के विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। विद्यार्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। कॉलेज के मुख्य गेट पर तलाशी के साथ प्रवेश पत्र का आधार कार्ड से मिलान करने बाद अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। डीआईओएस राजेंद्र सिंह ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ब्लॉकवार बीईओ परीक्षा की निगरानी करेंगे।
