रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
देवरिया

Deoria News:गवाही से मुकरे पिता-पुत्र, चार आरोपी बरी, वादी को नोटिस जारी करने का आदेश – Father And Son Turned Hostile, Four Accused Acquitted

November 27, 2026


देवरिया। गैर इरादतन हत्या की कोशिश के आठ साल पुराने मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या एक अभय कृष्ण तिवारी की अदालत ने चार आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया है। सुनवाई के दौरान घायल पिता-पुत्र समेत चारों गवाह अपने पूर्व के बयानों से मुकर गए। अदालत ने मामले के वादी रामाज्ञा निषाद पर अलग से अभियोजन की कार्रवाई शुरू करने और नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने का भी आदेश दिया है।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के भालीचौर गांव निवासी रामाज्ञा निषाद 17 अक्तूबर 2018 की शाम करीब छह बजे धान के खेत की सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार लोग वहां पहुंचे। सड़क पर बिछी पाइप फटने की आशंका पर उनके बेटे अजय कुमार निषाद ने बाइक सवारों को उतरकर रास्ता पार करने के लिए कहा। आरोप था कि इसी बात से नाराज बाइक सवारों ने अजय को लात-घूंसों, डंडे और हाथ में पहने कड़े से पीटकर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे रामाज्ञा को भी पीटा गया। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया।

रामाज्ञा की शिकायत पर रुद्रपुर पुलिस ने 18 अक्तूबर 2018 को प्राथमिकी दर्ज की थी। विवेचना के बाद पुलिस ने अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया। तीन मार्च 2023 को आरोप तय किए गए। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने चार गवाह पेश किए। रामाज्ञा ने अदालत में बताया कि हमला करने वाले अनजान थे। अस्पताल में किसी ने उनसे सादे कागज पर हस्ताक्षर करा लिए थे। उस पर क्या लिखा गया, इसकी जानकारी नहीं है।

उनके बेटे अजय ने भी नामजद आरोपियों के हमले में शामिल होने से इन्कार कर दिया। दो अन्य गवाह बालेश्वर निषाद और कांता ने भी अभियोजन पक्ष का समर्थन नहीं किया। चारों गवाहों को पक्षद्रोही घोषित किया गया। बचाव पक्ष ने प्रधानी की रंजिश और गांव की गुटबाजी में आरोपियों को फंसाने की दलील दी। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद गौरी बाजार थाना क्षेत्र के वर्द गोनिया गांव निवासी अर्जुन, राहुल निषाद, सूरज और अमित को दोषमुक्त कर दिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X