पत्नी को भरण-पोषण न देना आर्थिक हिंसा :कोर्ट – Failure To Provide Maintenance To A Wife Constitutes Economic Abuse: Court
अंबेडकरनगर। पत्नी को भरण-पोषण न देना भी आर्थिक घरेलू हिंसा की श्रेणी में आता है। इस आधार पर सत्र न्यायालय ने पति को 27 सितंबर 2008 से 30 नवंबर 2026 तक का बकाया भरण-पोषण 36 बराबर मासिक किस्तों में अदा करने का आदेश दिया है। सत्र न्यायाधीश चंद्रोदय कुमार ने घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत पति की अपील आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए यह फैसला सुनाया।
भीटी के मदारभारी निवासी कुसुम सिंह की शादी वर्ष 1990 में सुल्तानपुर जिले के धम्मौर क्षेत्र के सवांगी निवासी मनोज कुमार सिंह से हुई थी। दंपती की कोई संतान नहीं है। कुसुम ने 27 सितंबर 2008 को घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत आवेदन देकर पति पर दहेज में बाइक और 20 हजार रुपये मांगने, मारपीट करने तथा घर से निकालने का आरोप लगाया था।
भीटी ग्राम न्यायालय ने 21 अप्रैल 2026 को पति को दो हजार रुपये मासिक भरण-पोषण, दो हजार रुपये किराया और 40 हजार रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया था। इसके खिलाफ पति ने सत्र न्यायालय में अपील की थी।
सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि दहेज उत्पीड़न के आरोप साक्ष्यों से साबित नहीं हुए। हालांकि, वर्ष 2007 से 2015 तक पत्नी को भरण-पोषण न देना आर्थिक हिंसा है। इसलिए दो हजार रुपये मासिक भरण-पोषण का आदेश बरकरार रखा गया। यह राशि पहले से मिल रहे 1,500 रुपये के अतिरिक्त होगी।
दिसंबर 2026 से हर महीने 15 तारीख तक भुगतान करना होगा। पहली बकाया किस्त 15 जनवरी 2027 तक देनी होगी। लगातार दो किस्तें नहीं देने पर पूरी बकाया राशि वसूल की जा सकेगी। अदालत ने किराये और 40 हजार रुपये मुआवजे का आदेश निरस्त कर दिया। साथ ही पति को साझा मकान से पत्नी को बेदखल न करने और लौटने पर सम्मानपूर्वक रहने देने का निर्देश दिया।
