रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
इटावा

Etawah News:दो घंटे तक चला हंगामा…पुलिस के सहयोग से थाने लाए – The Commotion Lasted For Two Hours… [he/they] Were Brought To The Police Station With The Help Of The Police

November 28, 2026


ताखा। तहसील परिसर में शुक्रवार दोपहर पहुंची विजिलेंस टीम का राजस्व कर्मियों ने जमकर विरोध किया। करीब दो घंटे तक हंगामे की स्थिति रही। आरोपी कानूनगो को ले जाने के लिए टीम को ऊसराहार थाने से पुलिस बुलानी पड़ी।

शुक्रवार को एसडीएम, तहसीलदार समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी मंडालायुक्त के दौरे की वजह से मुख्यालय पर आए हुए थे। तहसील परिसर में बने कानूनगो के कक्ष में किसान नीरज कानूनगो रामगोपाल को रिश्वत के 30 हजार रुपये देने के लिए गए थे। नीरज ने जैसे ही कानूनगो को रुपये दिए, वैसे ही विजिलेंस की टीम ने उसे धर दबोचा। यह देखकर अफरा-तफरी मच गई। कुछ कर्मचारी अपना कक्ष छोड़कर निकल गए। इस बीच बड़ी संख्या में राजस्व कर्मचारी एकत्रित हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति देख टीम ने ऊसराहार थाना पुलिस बुलाई और आरोपी को ले गए।

—————————–

तीन साल से तहसील में था तैनात…रिश्वतखोरी से त्रस्त थे किसान

कानूनगो रामगोपाल (56) निवासी मोहल्ला माया नगर मथुरा 2018 से जिले में तैनात है। वह 2018 से लेकर 2023 तक चकबंदी में था। इसके बाद 2023 में राजस्व में आने के साथ ही उसे ताखा तहसील में जिम्मेदारी मिली थी। बताते हैं कि आते ही कानूनगो ने रिश्वतखोरी शुरू कर दी थी। इससे क्षेत्र के किसान सबसे ज्यादा परेशान थे। तहसील में हंगामे की सूचना पर बड़ी संख्या में वहां मौजूद लोग भी एकत्रित हो गए थे। हर कोई यही चर्चा कर रहा था कि सही रहा कानूनगो ने गरीब किसानों तक को नहीं छोड़ा था। इसका यही हश्र होना था। विजिलेंस टीम में निरीक्षक धर्मवीर सिंह, मुरलीधर, राकेश कुमार पांडेय, रामचंद्र, इंदू यादव समेत करीब दस सदस्य शामिल थे। निरीक्षक रामचंद्र ने बताया कि कानूनगो को गिरफ्तार कर कानपुर ले जाया जा रहा है। वहां कानूनगो और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान दो लेखपाल और कुछ अन्य कर्मचारियों ने टीम के साथ हाथापाई करने की कोशिश की तथा मोबाइल छीनने का प्रयास किया। कानूनगो को आगे की कार्रवाई के बाद जेल भेजा जाएगा।

——————————————

दो दिन पहले पकड़ा था दलाल…अधिकारियों ने करा दिया था समाधान

ताखा। तहसील कार्यालय में दलालों और रिश्वतखोरी से परेशान किसानों को अब मजबूर होकर विजिलेंस का सहारा लेना पड़ रहा है। शुक्रवार को रिश्वत लेते कानूनगो की गिरफ्तारी का मामला भी इसी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। किसान ने स्थानीय स्तर पर समस्या का समाधान नहीं होने पर विजिलेंस टीम से शिकायत की, जिसके बाद टीम ने कानूनगो को 30 हजार रुपये लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

दो दिन पहले भी तहसील में दाखिल-खारिज के नाम पर दलाल ने किसान से रुपये लेकर दो साल तक गुमराह करने का मामला सामने आया था। पीड़ित किसान की शिकायत एसडीएम विजय प्रकाश मिश्रा के संज्ञान में आने पर स्थानीय स्तर पर निस्तारण कराते हुए किसान को राहत दिलाई थी। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X