रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पलवल

Palwal News:कंधों पर बस्ता, आंखों में सपने, गुरुजी की राह तकती कक्षाएं – Classes Awaiting The Teacher

November 28, 2026


मोहम्मदपुर तेड के दो सरकारी स्कूलों में 567 विद्यार्थियों का भविष्य अधर में

21 स्वीकृत पदों के मुकाबले महज दो नियमित शिक्षक उपलब्ध

सद्दाम हुसैन

पिनगवां। कंधों पर बस्ता लेकर रोज स्कूल पहुंचने वाले बच्चों की आंखों में बेहतर भविष्य के सपने हैं, लेकिन इन सपनों को साकार करने के लिए स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक ही नहीं हैं। सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा देने के दावों के बीच गांव मोहम्मदपुर तेड के दो सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। दोनों स्कूलों में कुल 567 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जबकि नियमित शिक्षण कार्य की जिम्मेदारी महज दो शिक्षकों के भरोसे है।

हालात ऐसे हैं कि कई कक्षाओं में बच्चों को बिना अध्यापक के बैठना पड़ रहा है। स्कूल प्रबंधन ने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को पत्र भेजकर तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की है। सोशल वर्कर संजय से मिली जानकारी के अनुसार, राजकीय प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदपुर तेड़ में 297 विद्यार्थी नामांकित हैं। विद्यालय में 11 जेबीटी और एक मुख्य शिक्षक सहित कुल 12 पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में केवल एक नियमित जेबीटी शिक्षक उपलब्ध है। यहां तीन अतिथि अध्यापक और एक शिक्षक सहायक नियुक्त हैं। इनमें से एक शिक्षक सहायक लंबे समय से खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रतिनियुक्त है, जबकि दो अन्य को एसआईआर ड्यूटी पर लगाया गया था। हालांकि, अब उन्हें कार्यमुक्त किया जा चुका है।

वहीं, राजकीय कन्या मध्य विद्यालय में 270 छात्राएं पढ़ रही हैं। यहां एक मुख्य अध्यापक और आठ विषय अध्यापकों सहित नौ पद स्वीकृत हैं, लेकिन नियमित शिक्षकों के नाम पर केवल एक पीटीआई अध्यापक उपलब्ध है। इसके अलावा हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के माध्यम से कार्यरत दो अध्यापकों का सेवा विस्तार नहीं हुआ है।

भर्ती के बावजूद शिक्षकों की कमी

शिक्षा विभाग की ओर से 1456 मेवात कैडर भर्ती किए जाने के बावजूद इन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है। ग्रामीणों और स्कूल प्रबंधन का कहना है कि दो रेगुलर शिक्षकों के लिए 567 विद्यार्थियों को पढ़ाने के साथ मिड-डे मील, सरकारी रिकॉर्ड और अन्य विभागीय कार्य संभालना बेहद मुश्किल है। उन्होंने दोनों विद्यालयों में नियमित शिक्षकों की नियुक्ति, अतिथि अध्यापकों की वापसी और वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने से बचाई जा सके।

कोट

दोनों विद्यालयों में शिक्षक सहायक और अतिथि अध्यापक मौजूद हैं, जो विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं। विभाग की ओर से जैसे ही नए अध्यापकों की नियुक्ति होगी, प्राथमिकता के आधार पर दोनों विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती की जाएगी। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था की जा रही है। – वीरेंद्र कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X