रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
गुरुग्राम

Gurugram News:मिशन बुनियाद के लिए 12 और सुपर-100 के लिए पांच दिसंबर तक करें आवेदन – Apply For ‘mission Buniyaad’ By December 12 And For ‘super-100’ By December 5

November 28, 2026


– सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगी कोचिंग

– दोनों योजनाओं की प्रवेश परीक्षा में पूछे जाएंगे 50 बहुविकल्पीय प्रश्न

संवाद न्यूज एजेंसी

गुरुग्राम। सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का रास्ता आसान होगा। शिक्षा विभाग की मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर-100 योजनाओं के तहत विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया जाएगा। शैक्षणिक सत्र 2027-29 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। मिशन बुनियाद के लिए 12 दिसंबर और सुपर-100 के लिए पांच दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं।

मिशन बुनियाद के लिए आठवीं में पढ़ रहे वे विद्यार्थी पात्र हैं, जिन्होंने सातवीं में कम से कम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। चयनित विद्यार्थियों को नौवीं और दसवीं में विशेष शैक्षणिक मार्गदर्शन मिलेगा। सुपर-100 के लिए दसवीं में पढ़ रहे ऐसे विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने नौवीं में कम से कम 60 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। चयनित विद्यार्थियों को 11वीं और 12वीं में जेईई व नीट की तैयारी के लिए आवासीय सुविधा और विशेषज्ञ कोचिंग मिलेगी। कम अंक वाले विद्यार्थी भी पंजीकरण कर परीक्षा दे सकते हैं।

50 प्रश्नों की होगी प्रवेश परीक्षा-

दोनों योजनाओं की पहले चरण की प्रवेश परीक्षा में 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा 200 अंकों की होगी। सही उत्तर पर चार अंक और गलत उत्तर पर एक अंक कटेगा।

यह रहेगा परीक्षा कार्यक्रम-

मिशन बुनियाद के लिए 12 दिसंबर तक पंजीकरण होगा। 14 से 21 दिसंबर तक प्रवेश पत्र डाउनलोड होंगे और 23 दिसंबर को परीक्षा होगी। परिणाम 12 जनवरी 2027 को आएगा। दूसरे चरण की परीक्षा 22 जनवरी को होगी। सुपर-100 के लिए पांच दिसंबर तक आवेदन होंगे। सात से 14 दिसंबर तक प्रवेश पत्र डाउनलोड होंगे। 16 दिसंबर को परीक्षा होगी। परिणाम आठ जनवरी 2027 को आएगा और तीन फरवरी को दूसरे चरण की परीक्षा होगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X