बिहार:राज बनेली दुर्गा मंदिर के विकास पर खर्च होंगे 2.08 करोड़, विवाह भवन-भव्य प्रवेश द्वार का होगा निर्माण – Raj Baneli Durga Temple To Get ₹2.08 Crore Development Boost, Cm Samrat Choudhary Launches Projects Virtually
नगर पंचायत असरगंज स्थित प्राचीन राज बनेली स्मृति बड़ी दुर्गा मंदिर, जलालाबाद के विकास को शनिवार को नई सौगात मिली। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 2 करोड़ 8 लाख 16 हजार 655 रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।
इन योजनाओं के तहत मंदिर परिसर में विवाह भवन और सिंह द्वार का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा लाठ पोखर के समीप दो भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। मंदिर परिसर में पेवर ब्लॉक लगाने, चहारदीवारी निर्माण सहित अन्य विकास कार्य भी कराए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्राचीन और ऐतिहासिक मंदिर है। वर्ष 606 ईस्वी में सम्राट हर्षवर्धन के शासनकाल में यहां पिंड स्वरूप में दुर्गा स्थान की स्थापना हुई थी। मंदिर से जुड़ी करीब दो हजार वर्ष पुरानी मान्यता भी प्रचलित है।
पढ़ें: संजय झा ने महिला आरक्षण पर विपक्ष की मंशा पर उठाए सवाल, रामकृपाल बोले- सभी दलों को समर्थन करना चाहिए
उन्होंने कहा कि वर्ष 1988-89 में स्थानीय लोगों के सहयोग से मंदिर के विकास की नींव रखी गई थी। अब सरकार की ओर से पहली बार यहां बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए योजनाएं शुरू की जा रही हैं। सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले एक महीने में विस्तारित जलमीनार का काम शुरू कराया जाएगा। नया वाटर टावर बनाकर रहमतपुर सहित नगर पंचायत के विभिन्न इलाकों में नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की व्यवस्था भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। कॉलेज निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वहीं, जलालाबाद स्कूल मैदान का निर्माण अगले एक से डेढ़ महीने में शुरू कराया जाएगा। असरगंज बाजार में सड़क और नाले की व्यवस्था भी बेहतर की जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य पार्षद ई. लूसी कुमारी और मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. विनय शंकर सिंह ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि विवाह भवन बनने से निम्न और मध्यम वर्गीय परिवारों को शादी-विवाह सहित अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए काफी सहूलियत मिलेगी।
इस मौके पर डीडीसी अजीत कुमार सिंह, एसडीओ महेश कुमार, एसडीपीओ कुमार देवेंद्र, कार्यपालक पदाधिकारी सूर्यानंद सिंह, बीडीओ श्वेतमिता आनंद, सीओ उमेश शर्मा, संवेदक प्रमोद कुमार सहित कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।
