रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रुड़की

Roorkee News:सिविल अस्पताल में एक बार फिर गहराया जल संकट – Water Crisis Intensifies Once Again At The Civil Hospital

November 28, 2026


सिविल अस्पताल में शनिवार सुबह जेसीबी से खोदाई के दौरान पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे अस्पताल परिसर में पीने के पानी और शौचालयों में पानी की आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। नीचे प्रतीक्षालय के पास और प्रथम तल पर स्थिति जनरल वार्ड में शौचालय में पानी न आने से मरीजों व तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

गौरतलब है कि एक माह में दूसरी बार है कि सिविल अस्पताल की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से पानी का संकट गहरा गया है। इससे पहले लाइन क्षतिग्रस्त होने से करीब 15 दिनों तक पानी का संकट झेलना पड़ा था। वहीं शनिवार सुबह करीब आठ बजे संबंधित कार्यदायी संस्था की ओर से क्रिटिकल केयर सेंटर भवन निर्माण के तहत भूमिगत विद्युत तारों को बिछाने संबंधित कार्य चल रहा था।

इसी दौरान ब्लड बैंक के सामने सड़क किनारे जेसीबी से गड्ढा खोदते वक्त जेसीबी संचालक से गलती से पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद धीरे-धीरे पानी का रिसाव होने लगा। रिसाव के चलते दोपहर करीब बारह बजे के बाद अस्पताल के प्रतीक्षालय के पास बने शौचालय और जनरल वार्ड में स्थिति शौचालय में हाथ धोने तक का पानी खत्म हो गया।

तीमारदार रुकसाना, नगमा, इमतियाज, रोहित आदि ने बताया कि शौचालय में पानी खत्म होने काफी परेशानी हो रही है। हाथ धोने और पीने के लिए बोतल बंद पानी खरीदकर लाना पड़ रहा है। सीएमएस अरविंद कुमार मिश्रा ने बताया कि पेयजल पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही संबंधित जिम्मेदारों को जल्द से जल्द मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, परिसर में पानी के आपूर्ति को सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त प्रयास किए जा रहे हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X