Solan News:भाषण में समीक्षा, चित्रकला में चैतन्या प्रथम – Health Awareness In School
पोषण, मानसिक स्वास्थ्य और नशामुक्ति का दिया संदेश
कुनिहार (सोलन)। बीएल सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुनिहार में शनिवार को राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। विद्यार्थियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक बदलावों के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सिविल अस्पताल अर्की की किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता सुरक्षा परमार ने कुनिहार क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं पम्मी और अंका के सहयोग से किया। विद्यालय के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने कहा कि किशोरावस्था जीवन का महत्वपूर्ण चरण है। बच्चों को सही मार्गदर्शन, संतुलित पोषण और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की आवश्यकता होती है। भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताएं करवाई गईं। विद्यार्थियों ने पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोगों, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, नशामुक्ति तथा लैंगिक हिंसा जैसे विषयों पर अपने विचार और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता सुरक्षा परमार ने कहा कि किशोरावस्था में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है। संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और सकारात्मक सोच से बेहतर भविष्य का निर्माण किया जा सकता है। भाषण प्रतियोगिता में समीक्षा ने पहला, तान्या चौहान ने दूसरा और सुम्रिता ठाकुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में चैतन्या प्रथम, भावना द्वितीय और मान्यता नेगी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
