बागेश्वर। नवनियुक्त एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने शनिवार को जिले के नए पुलिस कप्तान के रूप में पदभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने परिवार के साथ बाबा बागनाथ मंदिर में दर्शन कर जिले की सुख-समृद्धि व शांति की कामना की। इसके बाद पुलिस कार्यालय पहुंचने पर पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें गार्द सलामी दी।
उन्होंने आंकिक शाखा, शिकायत सेल और प्रधान लिपिक कार्यालय सहित अन्य शाखाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध और त्वरित निस्तारण करने, अभिलेखों को व्यवस्थित रखने, परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा पूरी वर्दी व अनुशासन के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। देर शाम पत्रकार वार्ता में उन्होंने प्राथमिकताएं गिनाते हुए कहा कि साइबर क्राइम रोकने के लिए हर व्यक्ति को जागरूक किया जाएगा, यातायात व्यवस्था सुधारी जाएगी और स्मैक-चरस तस्करी और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। इस दौरान सीओ अजय लाल साह और राजेश साह मौजूद रहे। संवाद