Bijnor News:ग्रामीणों ने खुद बनाया कटियारी नदी पर अस्थायी रपटा, मिली राहत – Villagers Built A Temporary Causeway Across The Katiyari River Themselves, Bringing Relief
-तीन माह से जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे थे रामपुर चाठा व पीतमगढ़ के ग्रामीण
फोटो-28एनजेडबी01आर
मंडावली/नजीबाबाद। राजगढ़ वन क्षेत्र के नजदीक बसे गांव रामपुर चाठा और पीतमगढ़ को मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान कटियारी नदी पर बना रपटा बह गया था। इसके बाद ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को भारी जोखिम उठाकर नदी पार करनी पड़ रही थी।
प्रशासन की उदासीनता से परेशान होकर ग्रामीणों ने खुद ही मोर्चा संभाला। ग्रामीणों ने एक-दूसरे के सहयोग से जेसीबी मशीन मंगवाई। उन्होंने नदी में बड़े पाइप डाले और मिट्टी-पत्थर डालकर अस्थायी रपटा तैयार किया। रपटा बहने के बाद से भागूवाला से सीधा संपर्क टूट गया था। कई बार लोग नदी पार करते समय गिरकर चोटिल भी हुए थे। ग्रामीणों ने कई बार जनप्रतिनिधियों से पक्का रपटा बनवाने की मांग की थी। हर बार सिर्फ आश्वासन मिला और कोई ठोस काम नहीं हुआ। आखिरकार अरुण कुमार, राहुल, रोबिन, रमेश, संजय सिंह और बुद्ध सिंह ने आपसी सहयोग से यह पहल की। कुछ ही घंटों में रपटा तैयार होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
ग्रामीणों ने फिलहाल अस्थायी राहत मिलने पर संतोष जताया है। हालांकि उन्होंने स्थायी समाधान के लिए पक्का रपटा बनवाने की मांग फिर से उठाई है। लोक निर्माण विभाग नजीबाबाद के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र सहरावत ने इस संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि कटियारी नदी पर बनने वाले पुल की कार्य योजना बनाकर शासन को भेजी गई है। शासन से स्वीकृति मिलते ही आगे का कार्य शुरू कराया जाएगा।
