राम-कृष्ण एक ही तत्व, प्रभु की लीलाओं को राजनीति का विषय न बनाएं :इंद्रेश – Ram And Krishna Are One And The Same Essence; Do Not Turn The Lords Divine Play (leelas) Into A Subject Of Politics
बांदा। पं. जेएन कॉलेज मैदान में चल रही पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा के तीसरे दिन शनिवार को संत सूरदास का चरित सुनाया गया। व्यास पीठ से इंद्रेश जी महाराज ने कहा कि राम और कृष्ण दो नहीं, बल्कि एक ही तत्व हैं। प्रभु की लीलाओं को राजनीति का विषय न बनाएं। कथा में करीब 25 से 30 हजार श्रद्धालु शामिल हुए।
उन्होंने कथा में संत सूरदास के जीवन से जुड़े प्रसंग सुनाए। सूरदास जी का पद हरि दर्शन की प्यासी अखियां… सस्वर गाया तो पूरा पंडाल भक्तिभाव से गूंज उठा। उन्होंने बताया कि सूरदास जन्म से आंखों से दिव्यांग थे, लेकिन इसे भी प्रभु की कृपा मानते थे। उनके नेत्र केवल हरि दर्शन की प्रतीक्षा में रहते थे।
तुलसीदास और सूरदास की मित्रता का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि एक बार दोनों के बीच अपने-अपने आराध्य को लेकर चर्चा हुई। निर्णय के लिए तराजू के एक पलड़े पर तुलसीदास जी सीताराम कहते हुए बैठे और दूसरे पर सूरदास जी गोपाल जी का नाम लेकर बैठे। इसमें तुलसीदास जी का पलड़ा भारी हो गया।
इससे दुखी होकर सूरदास जी कुटिया में जाकर रोने लगे। तब बाल गोपाल ने उन्हें समझाया कि तुलसीदास जी के पलड़े में सीता, राम और स्वयं तुलसीदास तीनों थे। सूरदास के पलड़े में केवल गोपाल जी थे। इस प्रसंग के माध्यम से महाराज जी ने बताया कि राम और कृष्ण में कोई भेद नहीं है।
कथा में पूर्व सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, महोबा के भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा और नगर पालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता बासू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
11 से 17 जनवरी तक चित्रकूट में होगा भव्य उत्सव
इंद्रेश जी महाराज ने श्रद्धालुओं को 11 से 17 जनवरी तक चित्रकूट धाम में आयोजित होने वाले राम-जानकी विवाह और श्री गिरधर लाल जी के वार्षिक उत्सव का निमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि सात दिवसीय आयोजन में बुंदेलखंड के लोक गायकों के साथ देश के प्रसिद्ध कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। इसमें ब्रज से करीब 500 लोग शामिल होंगे। यह आयोजन ब्रज और चित्रकूट के लोगों के मिलन उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
