नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा :2332 छात्र हुए शामिल – Navodaya Vidyalaya Entrance Exam: 2,332 Students Appeared
– 19 केंद्रों पर हुई परीक्षा, 5223 छात्र रहे अनुपस्थित
अभिभावक ग्रामीण क्षेत्र के होने से परीक्षा केंद्रों को लेकर भटके
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव/फतेहपुर चौरासी/ हसनगंज। जिले के 19 केंद्रों पर हुई जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में 2332 छात्र शामिल हुए। 5223 ने परीक्षा छोड़ दी।
प्राथमिक स्कूल से कक्षा पांच की पढ़ाई कर जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश पाने के लिए शनिवार सुबह 11:30 से दोपहर 1:30 बजे तक छात्रों की प्रवेश परीक्षा हुई। परीक्षा में 7555 छात्र पंजीकृत थे। इसमें शहर के केंद्रों पर बच्चों को परीक्षा दिलाने लाए अभिभावकों को सेंटर तलाशने में थोड़ी परेशानी हुई।
परीक्षा के लिए बनाए गए केंद्रों में जीआईसी गंजमुरादाबाद में 402 में 153 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। सुभाष इंटर कॉलेज बांगरमऊ में 440 में 203, महात्मागांधी इंटर कॉलेज सफीपुर में 603 में 251, जीजीआईसी सफीपुर में 459 में 181, जीआईसी इनायतपुर बर्रा में 405 में 213, भारतीय विद्यालय इंटर कॉलेज जोधाखेड़ा में 507 में 183, जीएमएचएमकेडी इंटर कॉलेज मोहान में 635 में 253, जीआईसी चमरौली में 240 में 71, श्यामलाल इंटर कॉलेज में 243 में 78, अटल बिहारी इंटर कॉलेज में 548 में 273, जीआईसी शहर में 240 में 134, जीजीआईसी शहर में 262 में 127, एसएवी इंटर कॉलेज में 240 में 75, जीजीआईसी अचलगंज में 229 में 89, आदर्श इंटर कॉलेज पाठकपुर में 452 में 102, केएनपीएन इंटर कॉलेज मौरावां में 411 में 198, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज पाटन में 284 में 93,पार्वती बालिका इंटर कॉलेज बीघापुर में पंजीकृत 405 छात्रों में 133 छात्र, एमआरआरएस इंटर कॉलेज पुरवा में 550 में 288 छात्रों ने परीक्षा दी। नवोदय विद्यालय की प्राचार्य प्रतिमा पुरी ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण तरह से संपन्न हो गई। कहीं कोई दिक्कत नहीं हुई।
बाहर से भी आए थे प्रश्न
पार्वती इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकले छात्र शिवम यादव ने बताया कि जो कक्षा पांच में जो पढ़ा था, उससे बाहर के भी कुछ प्रश्न आए लेकिन पेपर सही रहा।
बाहर से आए प्रश्न हल करने में हुई परेशानी
शहर के जीआईसी से नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा देकर निकले छात्र गोविंद त्रिवेदी ने बताया कि पेपर में कुछ प्रश्न कोर्स के बाहर से आए थे। उसमें थोड़ी सी परेशानी हुई।
पढ़ा हुआ आया था, आसानी से दिए जवाब
आदर्श इंटर कॉलेज पाठकपुर से परीक्षा देकर निकली छात्रा शुभ ने बताया कि जो प्रश्न पढ़े थे वही आए। पढ़ा हुआ आने के कारण आसानी से जवाब दिए। बस सेंटर तलाशने में थोड़ी सी परेशानी हुई।
गणित के कुछ प्रश्न थे कठिन
शहर के जीआईसी से परीक्षा देकर निकली छात्रा दीक्षा ने बताया कि पेपर तो सही था लेकिन गणित के कुछ प्रश्न कठिन आए थे। उसी में थोड़ी सी दिक्कत हुई।
