Etawah News:शिवराम पाल सिंह के भजनों पर झूमे दर्शक – The Audience Danced To The Devotional Songs Of Shivram Pal Singh
इटावा। मुंबई से आए शिवराम पाल सिंह ‘बंदा बैरागी’ ने अपने भजनों से संगीत प्रेमियों का मन मोह लिया। उनकी सुरीली गायकी पर दर्शक झूम उठे और तालियों से उनकी सराहना की। शुक्रवार रात महोत्सव पंडाल में भजन-गीतों और कबीर वाणी की सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम का उद्घाटन सदर विधायक सरिता भदौरिया और जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने किया।
अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर मंच पर कार्यक्रमों की शुरुआत की। इसके बाद शिवराम पाल सिंह ने मंच संभाला और श्रोताओं को भावों से जुड़ी संगीत यात्रा कराई। उनकी गायकी में भक्ति, लोक-संगीत और सुरों की मधुरता का अनूठा संगम देखने को मिला। उनके भजनों ने पंडाल में मौजूद सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कबीर वाणी की प्रस्तुति इस पूरे कार्यक्रम का सबसे मुख्य आकर्षण रही। शिवराम पाल सिंह ने संगीत के माध्यम से कबीर के विचारों और उनके जीवन दर्शन को श्रोताओं तक पहुंचाया।
कबीर की वाणी में छिपे सत्य, सामाजिक चेतना और आत्मचिंतन के संदेशों ने लोगों को बहुत प्रभावित किया। दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
