Etawah News:प्रदेश में कानपुर के साथ सबसे ठंडा रहा इटावा – Along With Kanpur, Etawah Was The Coldest Place In The State
इटावा। नवंबर के आखिरी सप्ताह में सर्दी ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। रात के तापमान में गिरावट के साथ इटावा प्रदेश के सबसे ठंडे स्थानों में शामिल हो गया है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से 27 नवंबर को जारी आंकड़ों के अनुसार इटावा में बृहस्पतिवार रात का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में यह कानपुर और कानपुर के बर्रा के बराबर सबसे कम तापमान रहा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इटावा में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री कम रहा। कानपुर में भी न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। इसके साथ ही जिले का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 2.1 डिग्री कम होकर 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय आर्द्रता 91 प्रतिशत रहने से वातावरण में नमी बनी हुई है।
वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडे के अनुसार अगले सात दिनों तक सुबह के समय कोहरा या धुंध छाने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
