रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सिरसा

Sirsa News:डबवाली खंड में 21.86 लाख रुपये की संदिग्ध निकासी का मामला आया सामने – 21.86 Lakh Fruad In Dabwali Block

November 29, 2026


गंगा, डबवाली और अबूबशहर ग्राम पंचायतों के खातों से निकाली गई राशि, बीडीपीओ ने डीडीपीओ को सौंपी विस्तृत रिपोर्ट

संवाद न्यूज एजेंसी

सिरसा/डबवाली। जिले की पंचायतों और पंचायत समितियों के बैंक खातों से संदिग्ध निकासी की जांच जारी है। अब तक यह राशि करीब तीन करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। रानियां, ऐलनाबाद, सिरसा, बड़ागुढ़ा और रोड़ी के बाद अब डबवाली में भी ऐसी निकासी का मामला सामने आया है।

खंड डबवाली की ग्राम पंचायतों के खातों से लाखों रुपये की संदिग्ध निकासी से प्रशासन में खलबली मची है। प्रारंभिक जांच में तीन ग्राम पंचायतों से कुल 21 लाख 86 हजार रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली है। प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए खंड की सभी ग्राम पंचायतों और पंचायत समितियों के बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है।

ग्राम पंचायत गंगा के खाते से 9 लाख 87 हजार रुपये, गांव डबवाली की पंचायत के खाते से 1 लाख 99 हजार रुपये और ग्राम पंचायत अबूबशहर के खाते से 10 लाख रुपये की निकासी हुई है। पंचायत विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ाया है। इसका उद्देश्य खंड की अन्य पंचायतों में भी किसी अनियमितता का पता लगाना है।

अन्य स्थानों से साइबर ठगी

जिले में अब तक कुल 1 करोड़ 96 लाख 41 हजार रुपये की साइबर ठगी सामने आ चुकी है। इसमें जिला परिषद के खातों से 22 लाख रुपये निकाले गए हैं। सिरसा पंचायत समिति से 1 करोड़ 11 लाख 79 हजार रुपये की ठगी हुई है। रानियां पंचायत समिति से 29 लाख 51 हजार रुपये की निकासी हुई है। माधोसिंघाना, अहमदपुर, बनसुधार, झोरड़नाली और भावदीन ग्राम पंचायतों से कुल 33 लाख 11 हजार रुपये निकाले गए हैं।

जांच के निर्देश

बीडीपीओ डबवाली हरीश कुमार ने सभी ग्राम पंचायतों और पंचायत समितियों को निर्देश दिए हैं। उन्हें अपने बैंक खातों का रिकॉर्ड तत्काल जांचने को कहा गया है। सभी सरपंचों को संबंधित बैंकों से खातों का विवरण प्राप्त करने तथा प्रत्येक लेनदेन की पड़ताल करने के लिए कहा गया है। हरीश कुमार ने स्पष्ट किया कि अभी तक पंचायत समिति के खातों से ऐसी कोई निकासी सामने नहीं आई है। फिलहाल गंगा, डबवाली और अबूबशहर ग्राम पंचायतों के खातों से हुई निकासी की विस्तृत जांच जारी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X