Hamirpur (himachal) News:चेक बाउंस मामले में व्यक्ति को एक साल की कैद, दो लाख रुपये जुर्माना – One-year Imprisonment And A Fine Of Two Lakh Rupees For An Individual In A Cheque Bounce Case
हमीरपुर। चेक बाउंस के मामले में अदालत ने सुजानपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति को एक साल के साधारण कारावास और दो लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। आरोपी ने वाहन खरीदने के लिए 1.10 लाख रुपये के ऋण के भुगतान के लिए श्रीराम ट्रांसपोर्ट फाइनेंस कंपनी को चेक दिया था, जो बैंक खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण बाउंस हो गया था।
अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट नंबर-एक हमीरपुर के न्यायाधीश रवि ने 27 नवंबर को सुनाए फैसले में सुजानपुर तहसील के भडोला गांव निवासी रविंद्र कुमार को परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत दोषी करार दिया।
अदालत के अनुसार, आरोपी ने 27 अक्तूबर 2022 को कंपनी को 1.10 लाख रुपये का चेक दिया था। बैंक ने 29 अक्तूबर को खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण चेक लौटा दिया। इसके बाद कंपनी ने कानूनी नोटिस भेजकर भुगतान की मांग की, लेकिन आरोपी ने निर्धारित समय में राशि जमा नहीं करवाई।
सुनवाई के दौरान आरोपी ने अपने बचाव में दावा किया कि ऋण किसी अन्य व्यक्ति ने लिया था और वह केवल गारंटर था। हालांकि, अदालत ने माना कि गारंटर की भी ऋण चुकाने की संयुक्त और समान जिम्मेदारी होती है। कंपनी की ओर से पेश साक्ष्यों को विश्वसनीय मानते हुए अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराया।
अदालत ने आरोपी की ओर से पहली बार अपराध में शामिल होने के आधार पर परिवीक्षा का लाभ देने की मांग भी खारिज कर दी। न्यायाधीश ने चेक बाउंस के मामलों में बढ़ोतरी का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में नरम रुख अपनाने से समाज में गलत संदेश जा सकता है।
अदालत ने जुर्माना अदा नहीं करने की स्थिति में छह माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतने के आदेश दिए हैं। जुर्माने की राशि वसूल होने पर शिकायतकर्ता कंपनी को मुआवजे के रूप में दी जाएगी।
