रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश)

Bilaspur News:चिट्टे के साथ पकड़े आरोपी को अदालत से मिली जमानत – Accused Caught With ‘chitta’ (synthetic Drug) Granted Bail By The Court

November 29, 2026


अदालत ने कहा- केवल पुराने मामलों के आधार पर जमानत से इन्कार नहीं किया जा सकता

संवाद न्यूज एजेंसी

बिलासपुर। झंडूता थाना क्षेत्र में 7.92 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए मंडी जिले के आरोपी को विशेष न्यायाधीश-द्वितीय बिलासपुर की अदालत ने जमानत दे दी है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई अन्य मामले भी दर्ज हैं। अदालत ने कहा कि केवल अन्य आपराधिक मामलों में नाम दर्ज होने के आधार पर जमानत से इन्कार नहीं किया जा सकता। जांच पूरी होने और चालान पेश होने के बाद आरोपी को अनिश्चित समय तक हिरासत में रखना उचित नहीं है। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने आरोपी को निर्दोष बताते हुए कहा कि जांच पूरी हो चुकी है और कोई बरामदगी शेष नहीं है। वहीं, सरकारी पक्ष ने जमानत का विरोध करते हुए दोबारा नशे के कारोबार में शामिल होने और गवाहों को प्रभावित करने की आशंका जताई। अदालत ने स्पष्ट किया कि 7.92 ग्राम हेरोइन मध्यवर्ती मात्रा में आती है। हेरोइन की पांच ग्राम तक की मात्रा छोटी और 250 ग्राम या इससे अधिक व्यावसायिक मात्रा मानी जाती है। ऐसे में एनडीपीएस एक्ट की धारा 37 की कठोर शर्तें लागू नहीं होतीं।

अदालत ने आरोपी को एक लाख रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि के एक जमानती पर रिहा करने के आदेश दिए हैं। साथ ही देश छोड़ने से पहले अनुमति लेने, दोबारा अपराध नहीं करने और गवाहों से संपर्क नहीं करने की शर्तें लगाई हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X