Chamba News:राख में अपनों की यादें तलाशते रहे लेखराज और ममता – Lekhraj And Mamata Kept Searching For Memories Of Their Loved Ones In The Ashes
संघणी अग्निकांड… तीसरे दिन मलबा हटाने का काम शुरू, गहने-जरूरी सामान मिलने की आस में मशीनों के साथ जुटे प्रभावित
85 से 90 ग्रामीणों ने संभाला राहत कार्य, छह दुकानें, छह मकान और दो खोखे जलने से करीब तीन करोड़ का नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जेसीबी मशीन की आवाज सुनते ही लेखराज और उनकी पत्नी ममता देवी परिजनों के घर से दौड़कर संघणी बाजार पहुंच गए। तीन दिन पहले अग्निकांड में उनका चार मंजिला मकान और दुकान जलकर राख हो गए थे।
शनिवार को मलबा हटाने का काम शुरू हुआ तो दोनों की आंखों में एक ही उम्मीद थी कि शायद राख के ढेर में कुछ बचा मिल जाए। गहने, जरूरी दस्तावेज या बच्चों के स्कूल बैग ही मिल जाएं तो इस बर्बादी के बीच कुछ सहारा मिल सके।
जेसीबी के साथ टिपर भी मौके पर पहुंचा। मशीन ने मलबा हटाना शुरू किया तो लेखराज और ममता गैंती-बेलचे लेकर उसमें दबे सामान की तलाश में जुट गए। सुलगते मलबे से उठता धुआं, जली लकड़ियां और आधी ढही दीवारें तबाही की कहानी बयां कर रही थीं। मलबा हटता गया, लेकिन उसमें सामान मिलने की उम्मीद भी धुंधली पड़ने लगी। आखिरकार ममता खुद को संभाल नहीं पाईं और फफककर रो पड़ीं। जिंदगीभर की कमाई को राख होते देख लेखराज भी टूट चुके थे, लेकिन पत्नी को ढांढस बंधाने के लिए खुद को संभालते रहे। उस वक्त दोनों के पास एक-दूसरे को हिम्मत देने के अलावा कोई रास्ता नहीं था।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे लोक निर्माण विभाग की जेसीबी ने मलबा हटाने का काम शुरू किया। टिपर के जरिये मलबे को दूसरी जगह पहुंचाया गया। राहत कार्य में स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने भी सहयोग दिया। करीब 85 से 90 लोग 14 प्रभावित परिवारों की मदद के लिए मौके पर जुटे रहे। समाजसेवियों ने अपनी जेसीबी और टिपर भी भेजे। शाम पांच बजे तक सफाई का काम जारी रहा।
अग्निकांड में छह दुकानें, छह मकान और दो खोखे जलने से करीब तीन करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। चार परिवारों के पास पहने हुए कपड़ों के अलावा कुछ नहीं बचा है। रिश्तेदारों ने उन्हें अपने घरों में शरण दी है। इससे पहले सुबह 8:30 बजे पंचायत प्रतिनिधियों, समाजसेवियों और प्रभावितों ने बैठक कर पीड़ित परिवारों की मदद जारी रखने और अन्य लोगों से सहयोग की अपील की।
कार्यकारी उपमंडलाधिकारी अनिल भारद्वाज ने बताया कि राजस्व विभाग नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर रहा है। मलकियत वाली भूमि पर मकान क्षतिग्रस्त होने के मामलों में निर्माण के लिए केस बनाकर स्वीकृति मिलने पर 1.30 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। अन्य प्रभावितों को भी नियमानुसार मदद मिलेगी।
