Gonda News:छूटे विद्यार्थियों को मैपिंग पूरी होने के बाद मिलेगा टैबलेट – Students Who Were Left Out Will Receive Tablets Once The Mapping Process Is Complete
गोंडा। मंडल मुख्यालय पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने टैबलेट वितरण की शुरुआत की लेकिन अब भी कई विद्यार्थी लाभ से वंचित हैं। विद्यार्थियों ने शिकायत की है कि संस्थान स्तर पर उन्हें अभी तक टैबलेट नहीं मिला। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि मैपिंग और भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद छूटे विद्यार्थियों को भी टैबलेट उपलब्ध कराया जाएगा।
जिले में कुल 33,200 विद्यार्थियों को टैबलेट देना है। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 120 आईटीआई, पॉलिटेक्निक और महाविद्यालयों को 25,265 टैबलेट उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इनका भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से महज दो दिन पहले टैबलेट की खेप पहुंचने के कारण कई संस्थानों में विद्यार्थियों की मैपिंग पूरी नहीं हो सकी थी। इससे वितरण प्रक्रिया प्रभावित हुई है।
एलबीएस पीजी कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य जितेंद्र सिंह ने बताया कि टैबलेट वितरण की प्रक्रिया ऑनलाइन है। इसके लिए विद्यार्थियों को पहले केवाईसी करानी होती है। इसके बाद क्रमवार टैबलेट आवंटित किए जा रहे हैं। महाविद्यालय स्तर पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जा रहे हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि जिले के लिए 33,200 टैबलेट की व्यवस्था की गई है। संस्थानों से विद्यार्थियों का विवरण ऑनलाइन भेजा जाता है। इसी आधार पर टैबलेट आवंटित किए जाते हैं। भौतिक उपलब्धता और सत्यापन के बाद वितरण किया जा रहा है। मैपिंग और सत्यापन पूरा होते ही शेष विद्यार्थियों को भी टैबलेट उपलब्ध कराया जाएगा।
