रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
लुधियाना

एनएफएल के विस्तार से खुलेगा रोजगार का नया रास्ता :सत्ती – Nfl Expansion Will Open Up New Avenues For Employment: Satti

November 29, 2026


नंगल। केंद्र सरकार ने नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एनएफएल) यूनिट के विस्तार को मंजूरी दी है। करीब 54 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना से नंगल और आसपास के क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उक्त बातें हिमाचल प्रदेश के ऊना सदर से विधायक सतपाल सिंह सत्ती और जसवा से विधायक विक्रम सिंह ठाकुर ने कहीं।

नेताओं ने बताया कि एनएफएल यूनिट के विस्तार का मुद्दा वर्ष 2014 में केंद्र सरकार के समक्ष उठाया गया था। लंबे प्रयासों के बाद अब इस परियोजना को मंजूरी मिली है। वर्तमान में नंगल यूनिट में प्रतिदिन 1,450 मीट्रिक टन यूरिया का उत्पादन होता है। विस्तार के बाद इसकी उत्पादन क्षमता बढ़कर लगभग 3,850 मीट्रिक टन प्रतिदिन हो जाएगी। इससे देश में यूरिया की उपलब्धता बढ़ेगी। स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ व्यापार, उद्योग और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। विधायकों ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया। विधायकों ने कहा कि रोजगार में स्थानीय युवाओं की भागीदारी उनकी प्राथमिकता होगी। इसके लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से बात की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने एनएफएल यूनिट के लिए जमीन दी है। इसलिए यहां के युवाओं को इस विस्तार का लाभ मिलना चाहिए। रोपड़ भाजपा के उपाध्यक्ष राजेश चौधरी ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह विस्तार नंगल क्षेत्र के लिए विकास के नए द्वार खोलेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X