Bageshwar News:माल्दे गांव में घर की छत पर पहुंचा तेंदुआ, कुत्ते पर किया हमला – Leopard Reaches The Roof Of A House In Malde Village, Attacks A Dog
गरुड़ (बागेश्वर)। क्षेत्र में तेंदुए की दहशत बनी हुई है। माल्दे गांव में सोमवार सुबह करीब पांच बजे एक तेंदुआ घर की छत पर पहुंच गया और वहां बंधे पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया। कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनकर घर के लोग बाहर निकले और शोर मचाया। इसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।
माल्दे निवासी आशा खड़ाई के मकान की छत पर सुबह तेंदुआ चढ़ गया और उसने छत पर बंधे कुत्ते को निशाना बनाया। कुत्ते के भौंकने पर परिवार के सदस्य जाग गए और बाहर आकर शोर किया, जिससे तेंदुआ जंगल की ओर वहां से भाग निकला और कुत्ता सुरक्षित बच गया। ग्राम प्रधान कविता नेगी और सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश नेगी ने बताया कि गांव में काफी समय से तेंदुए की आवाजाही बनी हुई है और पहले भी वह कई पालतू मवेशियों को शिकार बना चुका है। घर की छत तक तेंदुए के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाकर तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है, ताकि किसी अनहोनी को टाला जा सके।
कोट
क्षेत्र में विभागीय टीम को गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों से भी अपील है कि वे सतर्क रहें और वन विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। -एमएस गुसाई, रेंजर बैजनाथ रेंज
