Unnao News:कालीमिट्टी-शिवराजपुर मार्ग कटने से कानपुर से सीधा संपर्क टूटा – Direct Connectivity From Kanpur Severed Due To The Washout Of The Kalimitti-shivrajpur Road
= गंगा की धारा बदलने से हिंदूपुर की ओर बढ़ रहा कटान, गांव को खतरा
= हजारों बीघा कृषि भूमि गंगा में समाई, कई गांवों के किसानों की जमीन पर संकट
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर चौरासी। गंगा की मुख्य धारा का रुख बदलने से कटरी क्षेत्र में कटान का खतरा लगातार बढ़ रहा है। अब गंगा हिंदूपुर की ओर तेजी से कटान कर रही है। हजारों बीघा कृषि भूमि पहले ही नदी में समा चुकी है। खेतों के कटने से किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों को आशंका है कि कटान नहीं रुका तो आने वाले समय में आबादी वाले इलाकों पर भी खतरा मंडरा सकता है।
गंगा की मुख्य धारा उत्तर की ओर मुड़ने से कालीमिट्टी-शिवराजपुर मार्ग भी कटान की भेंट चढ़ चुका है। इससे क्षेत्र के लोगों का कानपुर से सीधा संपर्क टूट गया है। जाजामऊ एहतमाली के ग्राम प्रशासक रोशन के मुताबिक, धारा बदलने से उनके क्षेत्र की करीब चार हजार बीघा भूमि कटकर कानपुर क्षेत्र में चली गई है। चिरंजूपुरवा के प्रकाश की चार, टीकाराम की तीन, डोरी की चार, रामप्रसाद की दो, रामचरन की चार, रामकृष्ण की चार और संजय की चार बीघा जमीन भी कटान में समा चुकी है।
जाजामऊ गैर एहतमाली के पूर्व प्रधान प्रमोद पांडेय ने बताया कि मन्नानगर में उनके परिवार की आठ बीघा और ग्रामीणों की कई बीघा जमीन कट गई है। गड़ाई के ग्राम प्रशासक लक्ष्मीनारायण के अनुसार भुलभुलियाखेड़ा, गड़ाई और हिंदूपुर के किसानों की भूमि भी कटान की चपेट में है।
लगातार बढ़ते कटान से किसानों में भय है। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर अभी बचाव कार्य शुरू नहीं हो सका है। एसडीएम बृजमोहन शुक्ला ने बताया कि समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। बजट मिलने पर बचाव कार्य कराया जाएगा। पीडब्ल्यूडी ने पहले कटान रोकने के लिए बोरियां लगवाईं थीं, और प्यास करने को कहा गया है।
आठ साल में साढ़े चार साल बंद
= वर्ष 2018 में बाढ़ से हिंदूपुर पुलिया के पास एप्रोच रोड कटने से मार्ग तीन साल बंद रहा।
= वर्ष 2021 में पीडब्ल्यूडी ने 123.62 लाख रुपये खर्च कर मार्ग का नवीनीकरण कराया।
= 21.60 मीटर लंबा पुल और 62 मीटर एप्रोच रोड बनाकर सात मीटर चौड़ी सड़क तैयार की गई।
= अगस्त 2025 में गंगा की धारा बदलने से करीब 400 मीटर सड़क का आधा हिस्सा नदी में समा गया।
= जनवरी 2026 में पीडब्ल्यूडी ने 650 मीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग बनाया, जिसे फरवरी में यातायात के लिए खोला गया।
= अगस्त 2026 की बाढ़ में वैकल्पिक मार्ग भी कट गया।
= सितंबर में गंगा का जलस्तर बढ़ने से नया बंगला हिंदूपुर के पास 200 मीटर सड़क का आधा हिस्सा नदी में समा गया।
= अब सुरक्षा के लिहाज से मार्ग पर दीवार बनाकर आवागमन बंद कर दिया गया है।
