रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
गुरुग्राम

Gurugram News:ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत – Motorcyclist Dies After Being Hit By A Truck

November 29, 2026


-फरुखनगर थाना क्षेत्र के मुबारिकपुर गांव के पास हुआ हादसा, ट्रक चालक फरार

संवाद न्यूज एजेंसी

गुरुग्राम। मुबारिकपुर गांव में शुक्रवार रात एक ट्रक और बाइक की आपने-सामने टक्कर होने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक पर सवार दूसरा युवक घायल हो गया। मृतक की पहचान झज्जर जिले के गांव खेड़ी निवासी साहिल के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया गया है।

झज्जर जिले के गांव खेड़ी निवासी निखिल ने बताया कि शुक्रवार शाम उसका भाई साहिल अपने दोस्त हर्ष के साथ बाइक पर सवार होकर गांव खेड़ी से अपने निजी काम के लिए जा रहा था। जब वे मुबारिकपुर गांव के पास पहुंचे तो सामने से तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए फरुखनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है।

———–

युवक को गाड़ी ने मारी टक्कर, पैर में फ्रैक्चर

गुरुग्राम। सेक्टर-54 में वाटिका टावर के पास कार की टक्कर से एक युवक का पैर फ्रैक्चर हो गया। आरोप है कि चालक ने उसे बोनट पर घसीटने के बाद सड़क पर गिरा दिया और भाग हो गया। मारुति कुंज निवासी रोहित शर्मा 18 नवंबर की शाम रैपिड मेट्रो स्टेशन की ओर पैदल जा रहे थे। ला लगून रोड चौक के पास सफेद बीवाईडी कार ने उन्हें टक्कर मार दी। घायल होने के कारण वह तुरंत शिकायत नहीं दे सके। पिता के माध्यम से शुक्रवार को शिकायत मिलने पर सेक्टर-53 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X