Sonipat News:भगवान श्रीराम और भक्त हनुमान के प्रथम मिलन का प्रसंग सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु – Devotees Were Moved To Hear The Story Of The First Meeting Of Lord Shri Ram And Devotee Hanuman
– श्रीराम परिवार की ओर से मॉडल टाउन में हुआ धार्मिक आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। श्री राम परिवार की ओर से रविवार को मॉडल टाउन में रामचंद्र डेम्बला के निवास पर श्री सुंदरकांड पाठ, हरिनाम संकीर्तन एवं रामकथा का आयोजन किया गया। कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम और हनुमान जी के मिलन का प्रसंग सुनाया गया।
रामकथा के दौरान ओमप्रकाश अरोड़ा ने श्रीरामचरितमानस के किष्किंधा कांड में वर्णित भगवान श्रीराम और हनुमान जी के प्रथम मिलन का प्रसंग विस्तार से सुनाया। उन्होंने बताया कि माता सीता की खोज करते हुए जब भगवान श्रीराम और लक्ष्मण ऋष्यमूक पर्वत के निकट पहुंचे तो वहां मौजूद वानरराज सुग्रीव को आशंका हुई कि कहीं ये दोनों उसके शत्रु बाली की ओर से भेजे गए गुप्तचर तो नहीं हैं। इस पर सुग्रीव ने हनुमान जी को उनका परिचय जानने के लिए भेजा।
हनुमान जी ब्राह्मण का वेश धारण कर भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के पास पहुंचे। उन्होंने अत्यंत विनम्रता से दोनों भाइयों से उनके बारे में पूछा। भगवान श्रीराम ने अपना और लक्ष्मण का परिचय दिया। उनके वचनों और व्यक्तित्व को जानकर हनुमान जी समझ गए कि वे साक्षात भगवान हैं। इसके बाद उन्होंने अपना वास्तविक रूप प्रकट कर प्रभु श्रीराम के चरणों में प्रणाम किया। भगवान श्रीराम ने भी प्रेमपूर्वक हनुमान को उठाकर अपने गले से लगा लिया।
उन्होंने बताया कि हनुमान जी के वचन सुनकर भगवान श्रीराम के हृदय में अपार प्रेम उमड़ आया। उनके नेत्रों में आनंद के आंसू भर आए और शरीर प्रेम एवं भक्ति से पुलकित हो उठा। यह प्रसंग प्रभु और भक्त के बीच अटूट प्रेम, समर्पण और विश्वास का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि हनुमान जी भगवान श्रीराम और लक्ष्मण को अपने साथ सुग्रीव के पास ले गए। वहां भगवान श्रीराम और सुग्रीव के बीच अग्नि को साक्षी मानकर मित्रता हुई। यह मित्रता धर्म, विश्वास और एक-दूसरे की सहायता के संकल्प का प्रतीक है। इस दौरान पवन सहगल, श्याम रहेजा, राकेश बहल, सूरजकांत, ललित बत्रा, महेश पांडे, यशपाल, मुकेश, मेहरचंद, महेश, लाजपत सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।
