हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है। इस माह यहां नौ दिन वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) खराब श्रेणी में दर्ज किया गया, जबकि एक दिन स्थिति बेहद खराब स्तर तक पहुंच गई। 24 तारीख को एक्यूआई 300 के पार चला गया था। मौजूदा हालात में बद्दी की हवा लोगों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक बनी हुई है। इससे सांस संबंधी बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। वायु गुणवत्ता के ताजा आंकड़ों के अनुसार बद्दी का एक्यूआई 235 दर्ज किया गया। वहीं पांवटा साहिब में 173, कालाअंब में 119 और बरोटीवाला में 102 एक्यूआई रहा।