Rampur Bushahar News:हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से बच्चे मौत की मामले में बिजली बोर्ड को देना होगा 4.50 लाख मुआवजा – Case Of Child Death Due To High Blood Pressure Line Lakh To Pay Compensation To Electricity Board
November 29, 2026
बिजली बोर्ड की अपील खारिज, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रोहड़ू ने निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा
अदालत ने कहा-मानव जीवन को खतरा होने की जानकारी होने के बावजूद की गई लापरवाही
1992 में लाइन शिफ्ट करने का दिया गया था आवेदन, फिर भी नहीं हटाई लाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। मकान की छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 11 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में बिजली बोर्ड की लापरवाही सामने आई है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रोहड़ू की अदालत ने बिजली बोर्ड की अपील खारिज करते हुए निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा है। अदालत ने स्पष्ट किया कि हाईटेंशन बिजली लाइन से मानव जीवन को खतरा होने की जानकारी के बावजूद उसे सुरक्षित करने के लिए प्रभावी कदम न उठाना बिजली बोर्ड की जिम्मेदारी में लापरवाही है। बोर्ड को मृतक बच्चे के माता-पिता को 4.50 लाख रुपये मुआवजा ब्याज सहित देना होगा।
हिमांशु अपने माता-पिता के साथ किराये के मकान में रहता था। 16 दिसंबर 2012 को वह घर की छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस थाना रोहड़ू में भारतीय दंड संहिता की धारा 336 और 304-ए के तहत मामला दर्ज किया गया था। सिविल अस्पताल रोहड़ू में हुए पोस्टमार्टम में भी मौत का कारण बिजली का करंट लगने से कार्डियोपल्मोनरी अरेस्ट होना बताया गया। बच्चे के माता-पिता ने बिजली बोर्ड के अधिकारियों और मकान मालिक के खिलाफ पांच लाख रुपये मुआवजे का दावा दायर किया था।
बिजली बोर्ड के अधिकारियों ने अदालत में दलील दी कि हाईटेंशन लाइन मकान के निर्माण से पहले ही वहां मौजूद थी और मकान मालिक ने बिजली सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर निर्माण किया था। बोर्ड के अनुसार, तीन मई 2010 को मकान मालिक को नोटिस जारी कर बिजली लाइन की नजदीकी से होने वाले खतरे के बारे में चेतावनी दी गई थी। बोर्ड ने हादसे के लिए मकान मालिक को जिम्मेदार ठहराते हुए अपनी ओर से किसी भी तरह की लापरवाही से इन्कार किया था। वहीं, मकान मालिक ने भी अपने ऊपर लगे आरोपों को नकार दिया था। अदालत में पेश दस्तावेज से सामने आया कि मकान मालिक ने दिसंबर 1992 में ही बिजली बोर्ड को पत्र लिखकर अपनी छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को किसी दूसरी उपयुक्त जगह पर स्थानांतरित करने का आग्रह किया था।
इसके बावजूद बिजली बोर्ड ने लाइन को हटाने या उसकी ऊंचाई बढ़ाने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। अदालत ने माना कि बिजली बोर्ड को हादसे से काफी पहले ही इस खतरे की जानकारी थी। ऐसे में केवल मकान मालिक को नोटिस जारी कर देना विभाग की जिम्मेदारी पूरी करने के लिए पर्याप्त नहीं था। मामले की सुनवाई के दौरान बिजली बोर्ड के तत्कालीन अधीक्षण अभियंता की गवाही भी महत्वपूर्ण रही। जिरह के दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि हाईटेंशन बिजली लाइन मकान की छत से लगभग तीन से पांच फीट ऊपर थी। अदालत ने भारतीय विद्युत नियम, 1956 के नियम 80 का हवाला देते हुए कहा कि 33 हजार वोल्ट तक की हाईटेंशन लाइन के किसी भवन के ऊपर से गुजरने की स्थिति में भवन के सबसे ऊंचे हिस्से से न्यूनतम 3.7 मीटर की ऊर्ध्वाधर दूरी होना अनिवार्य है। बोर्ड की ओर से ऐसा कोई तकनीकी साक्ष्य, माप या निरीक्षण रिपोर्ट पेश नहीं की गई, जिससे यह साबित हो सके कि लाइन निर्धारित सुरक्षित दूरी पर थी। बिजली बोर्ड ने अदालत में 4.50 लाख रुपये के मुआवजे को अधिक बताते हुए इसे रद्द करने की मांग की थी। अदालत ने पाया कि मृतक हिमांशु छठी कक्षा में पढ़ता था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। ऐसे में 4.50 लाख रुपये का मुआवजा न तो अत्यधिक है और न ही इसे मनमाना कहा जा सकता है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने अपने फैसले में कहा कि निचली अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों का सही आकलन किया है।
