Ambala News:चार सड़क हादसों में बुजुर्ग महिला और दो किशोरों समेत छह घायल – Six People, Including An Elderly Woman And Two Teenagers, Injured In Four Road Accidents
अंबाला सिटी/बराड़ा। जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। बलदेव नगर और बराड़ा थाना क्षेत्रों में चार अलग-अलग हादसों में छह लोग घायल हो गए। घायलों में एक बुजुर्ग महिला, दो नाबालिग दोस्त और दो छात्र शामिल हैं।
हादसों में कई लोगों को फ्रैक्चर और गंभीर चोटें आई हैं। दो किशोरों में से एक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर करना पड़ा। वहीं, बुजुर्ग महिला को भी गंभीर हालत में उपचार के लिए मोहाली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने सभी मामलों में घायलों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किंग फिशर होटल के पास बाइक की टक्कर से दो किशोर घायल
बलदेव नगर थाना क्षेत्र की डेहा कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय दक्ष पुत्र लक्की ने बताया कि 22 नवंबर की रात वह अपने 14 वर्षीय दोस्त हिमांशु के साथ बाइक पर कैंट से लौट रहा था। रात करीब 1:30 बजे एनएच-44 पर किंग फिशर होटल के सामने से तेज रफ्तार में आए अज्ञात बाइक चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दक्ष के बाएं हाथ में फ्रैक्चर और चेहरे व टांग पर चोटें आईं, जबकि हिमांशु की दाहिनी टांग टूट गई। राहगीरों ने दोनों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। यहां से हिमांशु को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। जांच अधिकारी एएसआई अनिल कुमार के अनुसार, दक्ष को 24 नवंबर को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस ने 27 नवंबर को उसके बयान दर्ज कर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
हर्बल पार्क के पास कार की टक्कर से बुजुर्ग महिला घायल
दूसरी घटना में विवेक विहार निवासी 63 वर्षीय कमलेश को हर्बल पार्क के गेट के पास कार ने टक्कर मार दी। वह 26 नवंबर की सुबह करीब 5:20 बजे पति के साथ कार से पहुंची थीं। गाड़ी खड़ी करने के बाद सड़क पार करते समय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस की तरफ से आई तेज रफ्तार सफेद कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में उनके दाहिने कंधे और बाईं टांग में फ्रैक्चर हुआ और सिर में भी चोट आई। जांच अधिकारी एएसआई अनिल कुमार ने बताया कि आरोप है कि कार चालक हरविंद्र सिंह निवासी पुरानी बकरा मंडी कुछ दूरी पर रुकने के बाद मौके से भाग गया। कमलेश को पहले नागरिक अस्पताल और फिर जीएमसीएच-32 ले जाया गया। बाद में परिजनों ने उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने 27 नवंबर को बयान दर्ज कर मामला दर्ज किया।
दुकान के पास खड़े व्यक्ति को बाइक सवार ने मारी टक्कर
जांच अधिकारी एसआई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि बराड़ा के गुरुनानक एन्क्लेव निवासी 53 वर्षीय कृष्ण कुमार ने शिकायत में बताया कि 18 नवंबर की शाम करीब 6 बजे वह घर के पास करियाना दुकान पर खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार सन्नी निवासी बराड़ा ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी दाहिनी टांग टूट गई। परिजनों ने उन्हें एमएमयू मुलाना में भर्ती कराया। कृष्ण कुमार के अनुसार, अस्पताल में आरोपी ने इलाज का खर्च उठाने और आपसी बातचीत से मामला सुलझाने का आश्वासन दिया था, लेकिन छुट्टी मिलने के बाद उसने संपर्क नहीं किया। इसके बाद पीड़ित ने 27 नवंबर को पुलिस को शिकायत दी।
बराड़ा फ्लाईओवर के आगे क्रेटा ने बलेनो को मारी टक्कर, दो छात्र घायल
चौथा हादसा 27 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे बराड़ा फ्लाईओवर से आगे हुआ। कुरुक्षेत्र के मोरथला गांव निवासी बीसीए प्रथम वर्ष के छात्र हर्ष ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी हर्षित निवासी दुदला के साथ बलेनो कार में एमएमयू मुलाना जा रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही क्रेटा कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्रों को चोटें आईं। उनका उपचार सीएचसी बराड़ा में कराया गया। जांच अधिकारी एसआई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर अज्ञात क्रेटा चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।
