Udhampur News:महिलाओं के हुनर से निखर रहा दुल्हनों का श्रृंगार, हैंडमेड कलीरों की बढ़ी मांग – Bridal Adornments Are Being Enhanced By The Skills Of Women; Demand For Handmade Kaleeras Has Risen
नए डिजाइन और ऑनलाइन ऑर्डर से महिलाओं को मिल रहा रोजगार
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शादी-ब्याह का सीजन शुरू होते ही बाजार में दुल्हनों के शृंगार से जुड़ी हाथों से तैयार की जाने वाली चीजों की मांग बढ़ने लगी है। इस बार युवतियों में हैंडमेड कलीरों, कंगन, असली फूलों की वरमालाओं और ट्यूलिप परांदों को लेकर खास आकर्षण देखने को मिल रहा है। महिलाएं अपनी कला के दम पर न केवल पारंपरिक हस्तकला को नया रूप दे रही हैं, बल्कि इसे स्वरोजगार के अवसर के रूप में भी आगे बढ़ा रही हैं।
पारंपरिक डिजाइन के साथ नए-नए प्रयोग और ग्राहकों की पसंद के अनुसार सामान तैयार करने की सुविधा के चलते दुल्हनें हैंडमेड उत्पादों को प्राथमिकता दे रही हैं। कलीरों में कौड़ियों, मोतियों और विभिन्न सजावटी सामग्रियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा ट्यूलिप परांदे, वेलकम जीजू प्लेट और हल्दी-मेहंदी की रस्म के लिए फूलों से तैयार गले के हार, कंगन और मांगटीका भी युवतियों को खूब पसंद आ रहे हैं।
हैंडमेड कलीरों की कीमत डिजाइन और इस्तेमाल होने वाली सामग्री के अनुसार 400 से 4000 रुपये तक है। कौड़ियों से तैयार खास डिजाइन के कलीरों की कीमत करीब 1600 रुपये से शुरू होती है। वहीं, असली फूलों से तैयार वरमालाओं की कीमत दो से पांच हजार रुपये तक रहती है। ग्राहक अपनी पसंद के फूलों और डिजाइन के अनुसार इससे अधिक कीमत की वरमालाएं भी तैयार करवा रहे हैं। वेलकम जीजू प्लेट की कीमत 1000 रुपये से शुरू होती है। इन दिनों ट्यूलिप परांदे भी युवतियों के बीच नया ट्रेंड बनकर उभरे हैं।
इस काम से जुड़ी महिलाएं ग्राहकों की पसंद और बजट को ध्यान में रखते हुए हर ऑर्डर को अलग अंदाज में तैयार करती हैं। ऑनलाइन ऑर्डर के साथ दुकानों और स्थानीय कारीगरों के माध्यम से भी उन्हें काम मिल रहा है। असली फूलों की वरमालाएं तैयार करने के लिए जम्मू के फूल बाजारों से फूल मंगवाए जा रहे हैं, जबकि गेंदा फूलों की मालाएं स्थानीय स्तर पर चिनैनी और रठीयान में तैयार की जा रही हैं। इनकी कीमत करीब 350 रुपये से शुरू होती है।
पिछले एक महीने में हैंडमेड कलीरों के 40 से 45 ऑर्डर मिल चुके हैं। वरमालाओं के लिए भी लगातार ऑर्डर आ रहे हैं। ग्राहक डिजाइन और बजट के अनुसार कलीरे तैयार करवाते हैं। हालांकि कई बार रात को भी काम करना पड़ता है, ताकि ग्राहक को समय पर ऑर्डर मिले और उनका कार्यक्रम में कोई बाधा न आए।
– बबली देवी, जिब निवासी।
ट्यूलिप परांदों के इस महीने 20 से 25 ऑर्डर मिल चुके हैं। हाथों से तैयार वरमालाओं के अलावा हल्दी- मेहंदी के फूलों के आभूषणों के भी हर महीने 30 से 35 ऑनलाइन ऑर्डर मिल चुके हैं। इस काम में बहुत मेहनत लगती है। ग्राहक को अच्छी चीज देने के उद्देश्य से, हर एक मोती को बहुत बारीकी से पिरोया जाता है।
– सुनैना जम्वाल, रामनगर निवासी।
