Balrampur News:सीएम के निर्देश पर तीन पालियों में होंगी परीक्षाएं – Following The Cm’s Directive, Examinations Will Be Held In Three Shifts
बलरामपुर। मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं अब दो के बजाय तीन पालियों में आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव करते हुए संशोधित समय सारिणी जारी कर दी है। प्रथम और तृतीय सेमेस्टर के साथ बैक पेपर और इम्प्रूवमेंट की परीक्षाएं पांच दिसंबर से शुरू होंगी। सभी परीक्षाएं दो घंटे की होंगी।
मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवि शंकर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर प्रवास के दौरान निर्देश दिया था कि विश्वविद्यालय की परीक्षाएं शासन की ओर से निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कराई जाएं। इसके लिए दो के बजाय तीन पालियों में परीक्षा कराने को कहा गया था। साथ ही परीक्षार्थियों को भयमुक्त और तनाव रहित माहौल उपलब्ध कराने तथा परीक्षा की अवधि दो घंटे निर्धारित रखने के निर्देश दिए गए थे।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत पहली पाली की परीक्षा सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली की परीक्षा सुबह 11:30 से दोपहर 1:30 बजे तक और तीसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी।
कुलपति ने बताया कि विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम विश्वविद्यालय की वेबसाइट और संबद्ध महाविद्यालयों के लॉगिन पर देखा जा सकता है। विश्वविद्यालय से संबद्ध चार जिलों के 113 महाविद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। केंद्रों की सूची भी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।
कुलपति ने छात्र-छात्राओं से बिना किसी भय और तनाव के परीक्षा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सुविधाओं और अनुकूल वातावरण का विशेष ध्यान रखा जाएगा। परीक्षाएं पूरी तरह नकलविहीन कराई जाएंगी। इसके लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। साथ ही परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए जांच टीम भी गठित की जाएगी।
