रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अंबेडकर नगर

Ambedkar Nagar News:पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटरों की होगी जांच – Pathology And Diagnostic Centers Will Be Inspected

November 27, 2026


अंबेडकरनगर। पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटरों में मनमानी वसूली, जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी और अस्पतालों से गठजोड़ की शिकायतों पर शासन ने सख्ती की है। विभाग में पंजीकृत पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटरों की जांच कराई जाएगी। इसके लिए एसीएमओ सहित तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया है।

यह टीम स्टाफ की योग्यता और मानकों की जांच करेगी। इसके बाद महानिदेशालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी। जिले में 70 से अधिक पैथोलॉजी लैब और डायग्नोस्टिक सेंटर संचालित हैं। यह सभी जांच के दायरे में आए हैं। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. पवन कुमार की ओर से पत्र मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। पैथोलॉजी लैब और डायग्नोस्टिक सेंटरों की जांच अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, वरिष्ठ पैथोलॉजिस्ट और पंजीकरण के नोडल अधिकारी करेंगे। इसके अलावा एक लैब टेक्नीशियन को भी टीम में शामिल किया जाना है।

टीम केंद्रों के पंजीकरण, जांच मशीनों, उपकरणों, कर्मचारियों की शैक्षिक योग्यता और तकनीकी प्रशिक्षण से जुड़े अभिलेखों की जांच करेगी। इसके साथ ही जांच की गुणवत्ता और रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया भी परखेगी। जांच नमूने, रिपोर्ट रजिस्टर, बिलिंग और कलेक्शन एजेंटों को किए गए भुगतान के अभिलेखों की जांच करेगी। एसीएमओ डॉ. रामानंद ने बताया कि टीम में एलटी के शामिल होते ही जांच शुरू कर दी जाएगी। जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित केंद्र के खिलाफ लाइसेंस निरस्त करने समेत नियमानुसार कार्रवाई होगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X