Amethi News:बाइक से गिरी महिला की जान गई – Woman Dies After Falling From A Bike
भादर। जामों-भादर मार्ग पर नेवढ़िया गांव के पास मंगलवार रात सड़क पर पड़ी ईंट से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठीं सुल्तानपुर के धम्मौर थाना क्षेत्र के छरौली अंकारीपुर गांव निवासी पूनम सिंह (52) गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें सीएचसी भादर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
राहुल सिंह ने बताया कि उनकी चाची पूनम सिंह प्रतापगढ़ के लालगंज क्षेत्र के आहरबिहर गांव निवासी रिश्तेदार शिवा सिंह के साथ बाइक से पीपरपुर के इस्माइलपुर गांव में अपनी बहन ममता के घर जा रही थीं। नेवढ़िया गांव के पास सामने से आ रहे वाहन से बचने के लिए शिवा ने बाइक किनारे की।
इसी दौरान बाइक का पहिया सड़क पर पड़ी ईंट पर चढ़ गया। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और पीछे बैठीं पूनम सड़क पर गिर पड़ीं। उनके सिर में गंभीर चोट आई। शिवा ने आसपास के लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी भादर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक ने हेलमेट पहन रखा था। वह गिरने से बच गया और उसे चोट नहीं आई। सीओ श्वेताभ भाष्कर ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है। बाइक अनियंत्रित होने से हादसा हुआ, जिसमें महिला की मौत हो गई।
