रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमरोहा

Amroha News:ढाई माह से लापता बुजुर्ग का गन्ने के खेत में मिला कंकाल – Skeleton Of Elderly Man Missing For Two And A Half Months Found In Sugarcane Field

November 26, 2026


बछरायूं। ढाई माह से अधिक समय से लापता बुजुर्ग का कंकाल बुधवार को गांव के ही एक किसान के गन्ने के खेत में पड़ा मिला। शव पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो चुका था। मानव अवशेष करीब 12 फीट के दायरे में बिखरे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि बुजुर्ग किसी जंगली जानवर का शिकार हुए होंगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

क्षेत्र के गांव महमदी निवासी लाल सिंह (65) पिछले ढाई महीने से लापता थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उनके बेटे महेश सिंह की ओर से थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। बुधवार को गांव के ही पुष्पेंद्र सिंह अपने गन्ने के खेत में फसल काटने पहुंचे। इसी दौरान उन्हें खेत में मानव शरीर के अवशेष पड़े दिखाई दिए। उन्होंने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी तो मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर लापता लाल सिंह के बेटे महेश सिंह भी अपने परिवार के अन्य सदस्यों कुलविंद्र सिंह, अजयवीर और परवेंद्र के साथ खेत पर पहुंचे। कंकाल के पास मिले अंडरवियर और बनियान के साथ ही हड्डी में फंसी प्लेट के आधार पर परिजनों ने अवशेष की पहचान लाल सिंह के रूप में की। ग्रामीणों के बीच चर्चा रही कि बुजुर्ग किसी जंगली जानवर का शिकार हो गए होंगे। हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। लंबे समय तक खेत में पड़े रहने के कारण शव पूरी तरह कंकाल में बदल चुका था। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि खेत में मानव अवशेष मिलने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। अवशेषों को अग्रिम कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X