Azamgarh News:औषधीय खेती से 250 लोगों को रोजगार, किसान ने बदली खेती की तस्वीर – Medicinal Farming Provides Employment To 250 People; A Farmer Transforms The Agricultural Landscape
धान और गेहूं की परंपरागत खेती से आगे बढ़कर औषधीय फसलों की खेती ने बकेश गांव के किसान संतोष राय को नई पहचान दी है। तुलसी, ब्राह्मी और सुगंधित घास की खेती से न केवल आमदनी बढ़ाने की राह बनाई, बल्कि करीब 250 लोगों को रोजगार भी दिया। ठेकमा क्षेत्र के तीन गांवों में 15 एकड़ जमीन पर उनका यह प्रयोग आसपास के किसानों के लिए भी मिसाल बन रहा है।
संतोष राय का कृषि से जुड़ाव वर्ष 2002 में हार्वेस्टर खरीदने के साथ शुरू हुआ। खेती के अनुभव ने उन्हें पारंपरिक फसलों के साथ नए विकल्प तलाशने के लिए प्रेरित किया। वर्ष 2024 में लखनऊ में आयोजित कृषि सेमिनार में शामिल होने के बाद उन्होंने औषधीय खेती की संभावनाओं को समझा।
इसके लिए मध्य प्रदेश में सात दिवसीय प्रशिक्षण भी लिया और खेतों में जाकर तकनीक सीखी। इसके बाद पसिका, गोडहरा और मेहरो गांवों में सालाना लगान पर 15 एकड़ जमीन लेकर खेती शुरू की। करीब 10 एकड़ में तुलसी और सुगंधित घास तथा तीन एकड़ में ब्राह्मी उगाई जा रही है। तुलसी की फसल कटाई के लिए तैयार है। इसकी पत्तियों से तेल निकलवाने के लिए अंबेडकर नगर भेजने की तैयारी है।
फिलहाल उनके पास तेल निकालने का अपना संयंत्र नहीं है। संतोष राय के मुताबिक बाजार में तुलसी का तेल करीब आठ हजार रुपये प्रति लीटर बिकता है। औषधीय खेती से पारंपरिक फसलों के मुकाबले तीन गुना तक मुनाफा मिलने की संभावना है।
उनके अनुसार इस खेती से क्षेत्र के करीब 250 लोगों को रोजगार मिला है। अब वह आसपास के किसानों को भी औषधीय खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इच्छुक किसानों को तकनीक और उत्पादन संबंधी जानकारी देने में सहयोग का भरोसा भी दिया है।
