रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
आज़मगढ़

Azamgarh News:पांच फरवरी से शुरू होंगी यूपी बोर्ड की परीक्षाएं, जनवरी में प्री-बोर्ड – Up Board Exams To Begin From February 5, Pre-boards In January

November 25, 2026


यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं पांच फरवरी से शुरू होंगी। इससे पहले जनवरी में प्री-बोर्ड और प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएंगी। जिले में 11 से 19 जनवरी 2027 तक प्री-बोर्ड परीक्षाएं आयोजित होंगी।

माध्यमिक शिक्षा परिषद ने विद्यालयों को दिसंबर तक पाठ्यक्रम पूरा कराने का निर्देश दिया है, ताकि विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा से पहले दोहराव और तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। जिले में इस वर्ष हाईस्कूल के 83,026 और इंटरमीडिएट के 79,176 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। जनवरी में इंटरमीडिएट के भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान सहित अन्य विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं भी होंगी।

हाईस्कूल में आंतरिक मूल्यांकन और प्रयोगात्मक विषयों का आकलन किया जाएगा। प्री-बोर्ड परीक्षा के जरिये विद्यार्थियों की तैयारी परखी जाएगी। कमजोर विषयों की पहचान कर अतिरिक्त कक्षाओं और अभ्यास के माध्यम से तैयारी कराई जाएगी। परिषद ने सभी विषयों के मॉडल प्रश्नपत्र जारी कर दिए हैं।

ये परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। विद्यालयों को विद्यार्थियों से निर्धारित तीन घंटे 15 मिनट में पूरा प्रश्नपत्र हल कराने का अभ्यास कराने को कहा गया है। डीआईओएस अजय कुमार ने बताया कि बोर्ड सचिव की ओर से जारी निर्देशों से सभी प्रधानाचार्यों को अवगत कराया जा रहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X