Bageshwar News:बागेश्वर जिला अस्पताल में संविदा पर लौटीं रिटायर महिला चिकित्साधिकारी – Retired Female Medical Officer Returns To Bageshwar District Hospital On A Contractual Basis
बागेश्वर। जिला अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ की कमी से जूझ रहीं महिला मरीजों को बड़ी राहत मिली है। बीते 31 अक्तूबर को जिला अस्पताल से सेवानिवृत्त हुईं वरिष्ठ महिला चिकित्साधिकारी डॉ. गायत्री पांगती ने संविदा के माध्यम से दोबारा अस्पताल की ओपीडी में अपनी सेवाएं देनीं शुरू कर दी हैं। उनके लौटने से महिला रोग ओपीडी का संचालन सुचारु हो गया है और अब जांच व उपचार के लिए आने वाली महिलाओं को बिना इलाज के वापस नहीं लौटना पड़ रहा है।
इधर जिला अस्पताल में तैनात सर्जन और हड्डी रोग विशेषज्ञ के अवकाश पर जाने से मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सर्जरी से जुड़ी व्यवस्था को संभालने के लिए सीएचसी बैजनाथ में तैनात सर्जन को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जिला अस्पताल में रखा गया है। इससे जिला मुख्यालय में तो मरीजों को कुछ राहत मिली है, लेकिन सीएचसी बैजनाथ में सर्जन न होने से वहां के मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। जिले के एकमात्र हड्डी रोग विशेषज्ञ के अवकाश पर चले जाने से हड्डी रोग से पीड़ित मरीजों को उपचार के लिए भटकना पड़ रहा है। उनके पास सीएमएस का अतिरिक्त प्रभार भी था, जिसे देखते हुए अब सीएमएस का प्रभार अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ को सौंपा गया है।
कोट
अस्पताल में सभी स्वास्थ्य सेवाओं को जल्द सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कुछ चिकित्सक आवश्यक कार्यों के चलते अवकाश पर गए हैं, उनके लौटने के बाद व्यवस्थाएं पूरी तरह सामान्य हो जाएंगी।- डॉ. कुमार आदित्य तिवारी, सीएमओ, बागेश्वर
