Bageshwar News:रोडवेज डिपो खुलने के चार साल बाद भी सार्वजनिक परिवहन की रफ्तार सुस्त – Public Transport Remains Sluggish Even Four Years After The Opening Of The Roadways Depot
बागेश्वर। विश्व सतत परिवहन दिवस के मौके पर जिले में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की जमीनी तस्वीर कई सवाल खड़े कर रही है। चार सितंबर 2022 को बागेश्वर डिपो बनने के बावजूद बेड़े में बसों की संख्या नहीं बढ़ सकी है। डिपो खुलने से पहले संचालित होने वाली दिल्ली-भराड़ी बस सेवा भी डिपो बनने के बाद से बंद है जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में बसों का संचालन न के बराबर हो रहा है। कई रूटों पर केमू की स्वीकृति मिलने के बाद भी बसें नहीं चल पा रही हैं। रोडवेज डिपो से चलने वाली दिल्ली-धरमघर बस सेवा चालक-परिचालकों की कमी के चलते आगे तक न जाकर केवल जिला मुख्यालय तक ही सिमट गई है। जिले के सबसे दूरस्थ कपकोट क्षेत्र के लिए रोडवेज की एक भी बस का संचालन नहीं होता है। विडंबना यह है कि कपकोट में करोड़ों रुपये की लागत से रोडवेज बस स्टेशन का निर्माण भी कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद यात्रियों को नियमित बस सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सुरक्षित और सुलभ सार्वजनिक परिवहन के दावों के बीच बेड़े की कमी, स्टाफ संकट और दूरस्थ मार्गों पर बसों के अभाव से यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। रोडवेज के स्टेशन प्रभारी गुसाईं राम ने बताया कि डिपो में रिक्त पदों पर तैनाती और बसों की उपलब्धता के संबंध को मुख्यालय से मांग की गई है।
